चंडीगढ़, 28/11/2026
हरियाणा सरकार ने जींद जिले की तेजाब हमले से प्रभावित एक पीड़िता को 12,98,567 रुपये की आर्थिक सहायता और चिकित्सा प्रतिपूर्ति मंजूर की है। इसमें 11,12,614 रुपये और 85,953 रुपये के मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति के अलावा एक लाख रुपये की अंतरिम राहत राशि शामिल है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने शनिवार को पंचकूला में तेजाब हमले के पीड़ितों की सहायता के लिए गठित राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित महिलाओं, बालिकाओं और 18 वर्ष तक के बालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, आर्थिक सहायता और पुनर्वास उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़िता को दिव्यांग पेंशन दिलाने के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखने के निर्देश दिए। साथ ही तेजाब पीड़ित राहत एवं पुनर्वास योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रचार अभियान चलाने को कहा।
योजना के तहत मिलती हैं ये सुविधाएं:
-
एक लाख रुपये की अंतरिम आर्थिक सहायता।
-
100 प्रतिशत निःशुल्क चिकित्सा सुविधा।
-
उपचार और पुनर्वास में सरकारी सहायता।
सरकार का उद्देश्य तेजाब हमले से प्रभावित लोगों को आर्थिक एवं चिकित्सा सहायता देकर सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करना है।
