चंडीगढ़, 23/11/2026
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम विश्वविद्यालय में पंचायतों और नगर निकायों के अधिकारों के हस्तांतरण, वित्तीय स्थिरता और प्रभावी सेवा वितरण पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश के गांव और शहर आत्मनिर्भर बनेंगे। पंचायतों और नगर निकायों को सरकारी बजट पर निर्भर रहने के बजाय आय के नए स्रोत विकसित करने होंगे।
सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र हैं। ग्राम सभाओं की प्राथमिकताओं के आधार पर पंचायतों की कार्ययोजना तैयार होनी चाहिए।
उन्होंने हरियाणा में पंचायतों को मजबूत बनाने के लिए किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए बताया कि 2015 में पढ़ी-लिखी पंचायतों की व्यवस्था लागू की गई और 2020 में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। लाल डोरा मुक्त अभियान के जरिए ग्रामीणों को संपत्ति का मालिकाना हक दिलाने की दिशा में भी काम किया गया।
नायब सैनी ने पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए जल संरक्षण, पानी के बिलों की वसूली और स्थानीय संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने गांवों में पानी के बिलों से जितनी राशि एकत्र होगी, उतनी ही मैचिंग ग्रांट देने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने गांवों और शहरी वार्डों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों और निकायों को सम्मानित करने की बात भी कही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत एशिया की शक्तिशाली ताकतों में तीसरे स्थान पर है।
