न्यूज डेस्क, 29/12/2025
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई. सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), रियल्टी, फार्मा और ऑटो सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली के चलते बाजार दबाव में नजर आया. निवेशकों में सतर्कता का माहौल बना रहा, जिससे प्रमुख सूचकांकों में कमजोरी देखने को मिली.
सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में बंद
बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 345.91 अंक या 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84,695.54 अंक पर बंद हुआ. वहीं, एनएसई का निफ्टी 100.20 अंक या 0.38 प्रतिशत टूटकर 25,942.10 अंक के स्तर पर आ गया. लगातार बिकवाली के कारण दोनों सूचकांक दिनभर दबाव में रहे.
26,000 के अहम स्तर से नीचे फिसला निफ्टी
विश्लेषकों के अनुसार, निफ्टी ने मनोवैज्ञानिक 26,000 के स्तर और अपने 20-दिवसीय ईएमए (एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज) के नीचे फिसलते हुए करीब 100 अंकों की गिरावट दर्ज की. मासिक एफएंडओ एक्सपायरी से पहले बाजार में अस्थिरता बढ़ती दिखी. तकनीकी रूप से निफ्टी ने बेयरिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है, जो निकट भविष्य में और कमजोरी के संकेत देता है.
25,900 के नीचे गिरने पर और नुकसान की आशंका
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यदि निफ्टी 25,900 के स्तर से नीचे टिकता है, तो इसमें और गिरावट देखने को मिल सकती है. ऐसे में सूचकांक 25,800 से 25,700 के स्तर तक फिसल सकता है.
सेंसेक्स में ये शेयर रहे टॉप लूजर्स
सेंसेक्स में पावरग्रिड, ट्रेंट, एचसीएल टेक और बीईएल जैसे शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही, जिससे सूचकांक पर दबाव बढ़ा. आईटी और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े शेयरों में कमजोरी साफ दिखी.
इन शेयरों में दिखी खरीदारी
हालांकि, बाजार की गिरावट के बीच कुछ चुनिंदा शेयरों में खरीदारी भी देखने को मिली. टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए.
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी कमजोरी
ब्रॉडर मार्केट भी दबाव में रहा. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.52 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ.
सेक्टोरल प्रदर्शन मिला-जुला
सेक्टोरल स्तर पर आईटी इंडेक्स 0.75 प्रतिशत, रियल्टी 0.67 प्रतिशत और ऑटो 0.53 प्रतिशत टूटे. वहीं, निफ्टी मीडिया इंडेक्स 0.93 प्रतिशत* चढ़ा. इसके अलावा पीएसयू बैंक और एफएमसीजी सूचकांक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए.
