चंडीगढ़, 21/11/2026
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अंबाला शहर में भगवान श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंबाला में बनने वाला मंदिर अयोध्या के भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा। मंदिर तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं को यहां अयोध्या जैसी अनुभूति होगी। जूनापीठाधीश्वर आचार्य अवधेशानंद गिरि महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया।
सीएम सैनी ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें त्याग, सेवा और मर्यादा की प्रेरणा देता है। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ है।
मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करवाने वाले दीवान मंगत राय रामा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की सराहना की। उन्होंने प्रार्थना की कि मंदिर निर्माण का कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कार और सेवा का केंद्र बने।
