केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में लश्कर-ए-तैयबा का आखिरी स्थानीय आतंकवादी भी मारा जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि अब घाटी में कोई स्थानीय आतंकवादी नहीं है और सक्रिय आतंकवादी विदेशी हैं। अरुणाचल प्रदेश के बंदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में कानून प्रवर्तन अधिकारियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में अलगाववाद की भावना कमजोर हुई है। उन्होंने 1990 के दशक के आतंकवाद के दौर का जिक्र करते हुए सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना की।
अरुणाचल पुलिस को मिला प्रेसिडेंट कलर
अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश पुलिस को प्रेसिडेंट कलर प्रदान किया। यह किसी पुलिस बल को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। यह सम्मान पुलिस बल की विशिष्ट सेवाओं, पेशेवर दक्षता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में योगदान को देखते हुए दिया जाता है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पेमा खांडू, गृह मंत्री मामा नटुंग, डीजीपी राजेश कुमार, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और उपमुख्यमंत्री चाउना मीन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सियांग परियोजना पर स्थानीय लोगों से बातचीत का भरोसा
गृह मंत्री ने प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों की चिंताओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सरकार बातचीत के जरिए समाधान निकालेगी और परियोजना के दौरान क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं का पूरा सम्मान किया जाएगा। शाह ने कहा कि विकास, ऊर्जा सुरक्षा और स्थानीय समुदायों की आकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर और देश के अन्य हिस्सों के बीच दूरी कम करने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि 825 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है।उन्होंने कहा कि अरुणाचल पुलिस आंतरिक सुरक्षा, उग्रवाद और साइबर अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने में अच्छा काम कर रही है।
