नई दिल्ली, 20/11/2026
कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर समेत विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 81 पार्टी पदाधिकारियों को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) का सचिव नियुक्त और पुनर्नियुक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। अगले साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में इन नियुक्तियों को चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अभिषेक दत्त, वरुण चौधरी, कुणाल चौधरी, जगदीश चंद्र जांगिड़, अब्दुल हन्नान और संजीव आर्य को उत्तर प्रदेश का AICC सचिव नियुक्त किया गया है।
पंजाब और उत्तराखंड में भी नई नियुक्तियां
पंजाब में हिना कवारे, रवींद्र दलवी, सूरज सिंह ठाकुर और राज कुमार मौर्य को AICC सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, उत्तराखंड में मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा और भीम कुमार को सचिव नियुक्त किया गया है। गोवा के लिए अंजलि निंबालकर को सचिव बनाया गया है। इसके अलावा एस. लैटफलांग, अमित बावा सैनी और डूंगर राम गेदार को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड के लिए सचिव नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय और मीडिया टीम में भी बदलाव
पार्टी ने संगठनात्मक नियुक्तियों के साथ कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय और संचार, प्रचार, मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग में भी बदलाव किया है। प्रणव झा और गौरव पांधी को कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय का सचिव नियुक्त या पुनर्नियुक्त किया गया है। वहीं, विनीत पुनिया और रुचिरा चतुर्वेदी को पार्टी के संचार, प्रचार, मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े कार्यों के लिए सचिव नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने 5 सितंबर को भी संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए महासचिवों और विभिन्न राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति की थी। इनमें चुनावी राज्य पंजाब और गुजरात भी शामिल थे। उस दौरान सचिन पायलट और रणदीप सिंह सुरजेवाला को भी संबंधित राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
