हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 5 से 25 दिसंबर तक 11वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार महोत्सव में संस्कृति, आध्यात्मिकता और ज्ञान का संगम देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को ज्योतिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। इस वर्ष पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल महोत्सव में सहयोगी राज्यों के रूप में शामिल होंगे। वहीं, मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल 14 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ और पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेश को दिए जाने के 5164 वर्ष पूरे हो रहे हैं। वर्ष 2016 से कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीता महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। पिछले वर्षों में मॉरीशस, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया और जापान सहित कई देशों में भी इसके कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
23 दिसंबर तक नहीं, 25 दिसंबर तक चलेगा शिल्प और सरस मेला
महोत्सव की शुरुआत 5 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर के तट पर शिल्प एवं सरस मेले से होगी। यह मेला 25 दिसंबर तक चलेगा। इसमें देशभर के प्रसिद्ध कलाकार और शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले 4 दिसंबर को ज्योतिसर से सरस्वती सेतु, पीपली तक गीता सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। 5 दिसंबर को गीता रन का भी आयोजन होगा।
16 देशों के विद्वान अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में लेंगे हिस्सा
14 दिसंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी शुरू होगी। इसमें भारत और विदेशों के विद्वान, शोधार्थी और गीता विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के माध्यम से 16 देशों के 20 विद्वान इसमें शामिल होंगे। इसके अलावा विदेश मंत्रालय के सहयोग से 90 से अधिक देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अन्य देशों में भी इसका सीधा प्रसारण होगा।
संत सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
मुख्यमंत्री के अनुसार, 7 से 13 दिसंबर तक गीता ज्ञानम् संस्थान में कथा का आयोजन होगा। 13 दिसंबर को संत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के प्रमुख संत गीता और अध्यात्म पर विचार रखेंगे। 18 और 19 दिसंबर को अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन होगा, जिसमें देश की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ 20 से अधिक देशों के संत भाग लेंगे। 5 से 25 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर पर भजन संध्या और गीता महाआरती आयोजित की जाएगी। वहीं, 14 से 20 दिसंबर तक पुरुषोत्तमपुरा बाग में गीता, महाभारत और भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
20 दिसंबर को होगा गीता का वैश्विक पाठ
गीता जयंती के अवसर पर 20 दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ और भागवत कथा आयोजित की जाएगी। इसी दिन कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में 27 हजार विद्यार्थी प्रत्यक्ष रूप से गीता का पाठ करेंगे, जबकि एक लाख से अधिक विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं के भी इस कार्यक्रम से जुड़ने की उम्मीद है। कुरुक्षेत्र की 182 तीर्थ समितियों के प्रतिनिधियों के साथ 8 दिसंबर को 48 कोस तीर्थ सम्मेलन आयोजित होगा। 20 दिसंबर को सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव मनाया जाएगा और गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी।
ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी और विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि 22 नवंबर से 4 दिसंबर तक ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी और आम नागरिक हिस्सा ले सकेंगे। 17 से 19 दिसंबर तक विद्यार्थियों के लिए श्लोकोच्चारण, भाषण, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली और हस्तशिल्प प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।इसके अलावा 14 से 25 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर पर गीता पुस्तक मेला लगाया जाएगा। इसमें देश के प्रमुख प्रकाशक हिस्सा लेंगे। हरियाणा की संस्कृति, शिल्प और खान-पान को प्रदर्शित करने के लिए विशेष पैवेलियन भी बनाया जाएगा।
पहली बार भारतीय वायु सेना और इसरो की प्रदर्शनियां
इस वर्ष महोत्सव में भारतीय वायु सेना और इसरो की ओर से पुरुषोत्तमपुरा बाग में विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) भी पहली बार विशेष प्रदर्शनी लगाएगी। इसके माध्यम से 70 से अधिक देशों के विद्यार्थियों को महोत्सव से जोड़ा जाएगा। इंडोनेशिया, स्लोवाकिया और पांच अन्य देशों के विद्यार्थी गीता आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा 18 से अधिक देशों के 60 शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 22 दिसंबर को बलराम कुश्ती दंगल भी आयोजित किया जाएगा।
हरियाणा के सभी जिलों में होंगे कार्यक्रम
18 से 20 दिसंबर तक हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 20 दिसंबर को सभी जिलों में गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान 1800 विद्यार्थी गीता का वैश्विक पाठ करेंगे। ग्राम पंचायतों की ओर से स्थानीय तीर्थों पर दीपोत्सव भी मनाया जाएगा।
16 दिसंबर को होगा अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव
मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 दिसंबर को ज्योतिसर में ‘पाञ्चजन्य-2026 अफ्रीका-हरियाणा कॉन्क्लेव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों के साथ व्यापार और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा 19 दिसंबर को ज्योतिसर में आयोजित सेमिनार में 12 अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। हरियाणा के सभी 143 खंडों के प्रमुख मंदिरों में भी एक दिवसीय गीता महोत्सव आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने देश और प्रदेश के लोगों से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में भाग लेने की अपील की।
