ऋषिकेश, 17/11/2026
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में 6 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल से अब तक चार शव निकाले जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवान भी बचाव कार्य में जुटे हैं। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया जा रहा है, जहां से उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा जा रहा है।
सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बस संख्या UK09PA9779 हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही थी। गूलर के पास बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनिकीरेती थाना प्रभारी रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। एसडीआरएफ इंचार्ज कविंद्र सजवाण के अनुसार, बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। हादसे में करीब 20 लोगों के घायल होने और 6 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। इस दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
