जालंधर (Patarkar Desk)- नई ट्रेन नंबर 14624/14623 छेहरटा-वाराणसी सर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस शुरू होने की वजह से रेलवे ने कई ट्रेनों के टाइम में बदलाव किया है। इसका असर जालंधर से गुजरने वाली कई ट्रेनों पर भी पड़ेगा। रेलवे की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, जालंधर से जुड़ी 7 ट्रेनों के टाइम में बदलाव किया गया है। इनमें 12237 वाराणसी-जम्मू और कश्मीर एक्सप्रेस, 12422 अमृतसर-नांदेड़ एक्सप्रेस, 11057 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अमृतसर एक्सप्रेस, 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर एक्सप्रेस, 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस, 14649 जयनगर-अमृतसर सरयू-यमुना एक्सप्रेस और 12357 कोलकाता टर्मिनल-अमृतसर दुर्गियाना एक्सप्रेस शामिल हैं।
रेलवे के मुताबिक, वाराणसी स्टेशन से 12237 वाराणसी-जम्मू और कश्मीर एक्सप्रेस का समय बदल दिया गया है। पहले यह ट्रेन दोपहर 12.40 बजे निकलती थी, जबकि 1 नवंबर से यह दोपहर 12.25 बजे निकलेगी।
इसी तरह, 12422 अमृतसर-नांदेड़ एक्सप्रेस के अमृतसर पहुंचने का समय बदल दिया गया है। 31 अगस्त से यह ट्रेन पहले से 35 मिनट देर से अमृतसर स्टेशन पहुंचेगी। इसका नया पहुंचने का समय शाम 4.50 बजे होगा, जबकि पहले यह शाम 4.15 बजे पहुंचती थी।
11057 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अमृतसर एक्सप्रेस के अमृतसर पहुंचने का समय भी बदल दिया गया है। 2 सितंबर से यह ट्रेन शाम 4.50 बजे अमृतसर पहुंचेगी, जबकि पहले इसका तय समय शाम 4.15 बजे था।
14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर एक्सप्रेस के अमृतसर पहुंचने का समय भी बदल दिया गया है। 2 सितंबर से यह ट्रेन शाम 5.05 बजे अमृतसर पहुंचेगी, जबकि पहले इसका टाइम शाम 4.55 बजे था।
वहीं, 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस के अमृतसर पहुंचने का टाइम 2 नवंबर से बदल जाएगा। पहले यह ट्रेन शाम 5.50 बजे अमृतसर पहुंचती थी, जबकि बदले हुए टाइम के हिसाब से अब यह शाम 6.05 बजे पहुंचेगी। लखनऊ और बाराबंकी स्टेशनों पर इस ट्रेन का टाइम भी बदला गया है।
14649 जयनगर-अमृतसर सरयू-यमुना एक्सप्रेस के भी कई स्टेशनों पर टाइम बदला गया है। हालांकि, लखनऊ और अमृतसर के बीच इसके टाइम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले अमृतसर पहुंचने का समय शाम 5.50 बजे था, जिसे 1 नवंबर से बदलकर शाम 6.05 बजे कर दिया गया है।
इसके अलावा, 12357 कोलकाता टर्मिनल-अमृतसर दुर्गियाना एक्सप्रेस के अमृतसर पहुंचने का समय 1 सितंबर से बदल जाएगा। यह ट्रेन पहले शाम 5.20 बजे अमृतसर पहुंचती थी, जबकि अब इसका बदला हुआ समय शाम 5.35 बजे होगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा करने से पहले संबंधित ट्रेन के बदले हुए समय की जानकारी देख लें, ताकि स्टेशन पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
