5 जुलाई 2026
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने पंजाब कांग्रेस में चल रहे अंदरूनी क्लेश को लेकर कहा की कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है और केंद्र में दोबारा सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। अब वर्ष 2027 में पंजाब विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस के पास जनता का विश्वास जीतकर सरकार बनाने का सुनहरा अवसर है।
उन्होंने पंजाब कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे व्यक्तिगत मतभेद और गुटबाजी को पीछे छोड़कर संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सहित अन्य दलों को कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार का कोई अवसर नहीं मिलना चाहिए।
धालीवाल ने कहा कि पंजाब कांग्रेस नेतृत्व को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर पार्टी और जनता के हित में काम करना चाहिए तथा राहुल गांधी के नेतृत्व को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की एकजुटता और जनहित की राजनीति के बल पर पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी तथा देश को विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र में सत्ता संभालने के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार “कांग्रेस मुक्त भारत” का नारा देते रहे हैं, लेकिन आज देश की जनता इस राजनीति की वास्तविकता को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ वर्षों तक दुष्प्रचार किया गया, लेकिन अब लोगों को यह एहसास हो गया है कि भाजपा की राजनीति झूठ और भ्रम फैलाने पर आधारित है।
धालीवाल ने कहा कि पिछले एक दशक में भाजपा ने राहुल गांधी और गांधी परिवार की छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर करोड़ों रुपये खर्च किए, लेकिन इसके बावजूद राहुल गांधी की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया और पिछले 12 वर्षों से लगातार न्याय, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं। यही कारण है कि आज देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी स्वीकार्यता बढ़ी है और आम लोग उन्हें अपनी आवाज़ मानने लगे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया है और आम जनता महंगाई, बेरोजगारी तथा आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के लोग अब बदलाव चाहते हैं और भाजपा नीतियों से निराश होकर कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं।


