Ganesh Mahotsav fervor in Faridabad; CM Saini seeks blessings and prays for happiness and prosperity.
फरीदाबाद, 16 September 2016
फरीदाबाद: फरीदाबाद में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की ओर से आयोजित गणेश महोत्सव में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यपाल असीम कुमार घोष शामिल हुए. दोनों ने गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना की और भगवान गणेश के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया. मुख्यमंत्री के पहुंचने पर श्रद्धालुओं और आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला.
CM सैनी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं: इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को गणेश महोत्सव की बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने गणपति बप्पा से प्रदेश में सुख-समृद्धि और शांति बनाए रखने की प्रार्थना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि, “आज का दिन बहुत गर्व का दिन है. गणपति बप्पा मोरया की शरण में फरीदाबाद आने का अवसर मिला है. भगवान गणेश केवल विघ्नहर्ता ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाले देवता भी हैं. भगवान गणेश सभी के जीवन से विघ्न दूर करें और प्रदेश में सुख-समृद्धि बनाए रखें.”
अहंकार और इच्छाओं पर नियंत्रण का संदेश: CM सैनी ने आगे कहा कि, “जो व्यक्ति अपने अहंकार और इच्छाओं पर नियंत्रण पा लेता है, उसके सामने कोई भी समस्या बड़ी नहीं रह सकती. गणेश महोत्सव केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने और लोगों में सकारात्मक सोच विकसित करने का अवसर भी है. ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं. गणेश महोत्सव समाज को जोड़ने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने का अवसर भी है.”
राज्यपाल ने भी की गणपति बप्पा की पूजा: कार्यक्रम में राज्यपाल असीम कुमार घोष ने भी गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया. मुख्यमंत्री और राज्यपाल के साथ श्रद्धालुओं ने गणेश महोत्सव में हिस्सा लिया. कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सकारात्मक संदेश पर भी जोर रहा.
विपुल गोयल के आयोजन की सराहना: मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की ओर से हर वर्ष आयोजित किए जाने वाले गणेश उत्सव की सराहना की. उन्होंने कहा कि, “हर साल विपुल गोयल द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है और मुझे भी इसमें शामिल होने का अवसर मिलता है.” इस दौरान मुख्यमंत्री ने गणपति बप्पा से सभी लोगों के जीवन की बाधाएं दूर करने और हर चुनौती का सामना करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
