gurgaon hit and run
गुरुग्राम, 14 सितंबर 2026
गुरुग्राम के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार की शाम एक महिला बाइक सवार को परेशान करने और उसकी बाइक में कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि सफेद रंग की मारुति सुजुकी सियाज (Maruti Suzuki Ciaz) में सवार कुछ युवकों ने पहले उसे रुकने का इशारा किया और मना करने पर उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जब महिला ने उन्हें दूर रहने की चेतावनी दी, तो कार सवारों ने जानबूझकर उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
कैमरे में कैद हुई घटना
यह पूरी वारदात महिला की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। महिला ने इस वीडियो के आधार पर संबंधित अधिकारियों से आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
गुरुग्राम पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान
हालांकि पीड़िता की तरफ से पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली थी, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही गुरुग्राम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतः संज्ञान (Suo Moto) लिया और तुरंत FIR दर्ज कर ली। पुलिस अब वायरल वीडियो और गाड़ी के विवरण के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी है।
पुलिस की चेतावनी: रोड रेज पर जीरो टॉलरेंस
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी ईस्ट ने स्पष्ट किया, रोड रेज और लापरवाही से वाहन चलाने के मामलों में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
