नई दिल्ली, 24/04/2026
आम आदमी पार्टी में बड़ी टूट हो गई है. आप के सात सांसद भाजपा में शामिल हो गए हैं. ऐसे में अब आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी. इन लोगों ने पंजाब के लोगों के साथ गद्दारी की है. वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी ने एक बार फिर पंजाबियों को झटका दिया है.
संजय सिंह ने कहा कि, “BJP ने पंजाब के CM भगवंत मान के नेतृत्व वाली AAP सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों में रुकावट डालने का काम किया है. AAP के 7 राज्यसभा सांसद BJP में शामिल हो रहे हैं. पंजाब की जनता को इन 7 नामों को याद रखना चाहिए. पंजाब की जनता इन्हें कभी नहीं भूलेगी.”
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, “BJP का ‘ऑपरेशन लोटस’ और वह राजनीतिक खेल, जिसमें भगवंत मान के कामों को रोकने की कोशिशें बड़े पैमाने पर शुरू हो गई हैं. पंजाब सरकार वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम करती है. अगर पंजाब में किसी भी व्यक्ति को कोई बीमारी होती है, तो 10 लाख रुपये तक का इलाज मुहैया कराया जाता है. BJP ने ऐसी सरकार को रोकने और तोड़ने का काम किया है. आज, AAP के 7 राज्यसभा सांसद अलग होकर BJP में शामिल हो गए हैं. पंजाब की जनता इन सातों नामों को कभी माफ नहीं करेगी. AAP ने राघव चड्ढा को क्या कुछ नहीं दिया, लेकिन वह BJP में चले गए. AAP ने इन सभी नेताओं को ज़मीन से उठाकर संसद तक पहुंचाया था, लेकिन इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है.”
“मैं प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से कहना चाहता हूं कि भगवंत मान के काम में रुकावट डालने के लिए आपने जो कुछ किया है, उसके लिए पंजाब की जनता आपको कभी माफ़ नहीं करेगी. आज पंजाब जैसी अच्छी सरकार के साथ ‘ऑपरेशन लोटस’ का खेल खेला जा रहा है. ‘ऑपरेशन लोटस’ के तंत्र को चलाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है.”- संजय सिंह, AAP
BJP ने पंजाब के साथ विश्वासघात किया है: भगवंत मान
पंजाब के CM भगवंत मान ने कहा, ये जो सात सांसद BJP में शामिल हो रहे हैं, वे पंजाब का प्रतिनिधित्व नहीं करते, वे गद्दार हैं. BJP ने पंजाब के साथ विश्वासघात किया है. इसी ‘वॉशिंग मशीन’ का इस्तेमाल शरद पवार की पार्टी, शिवसेना (UBT) और कांग्रेस के साथ भी किया गया था. पंजाब में BJP का कोई जनाधार नहीं है.”
कुछ गद्दारों ने पंजाब के कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की कमाई का सौदा कर लिया: सिसोदिया
पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा,” मैं पिछले तीन दिनों से गुजरात में हूं ऐसे समय में जब गुजरात में हज़ारों कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर, तमाम खतरों और BJP की धमकियों का सामना करते हुए, पार्टी की विचारधारा को मज़बूत करने के लिए अपना खून-पसीना एक कर रहे हैं, ठीक उसी समय कुछ गद्दारों ने पंजाब के कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की कमाई का सौदा कर लिया है. जिन राज्यसभा सदस्यों ने आज BJP के सामने घुटने टेक दिए हैं, जिन्होंने अपनी निजी मजबूरियों, डर और लालच के चलते पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है, उन्हें यह जान लेना चाहिए कि पंजाब गद्दारों को कभी माफ़ नहीं करता.
आप की सरकार वापस आने वाली है: ढांडा
AAP नेता अनुराग ढांडा ने कहा, “इनका चरित्र क्या है वो आज देश ने देख लिया. पंजाब में भगवंत मान की सरकार अच्छा काम कर रही है. इनको पता है कि ये किसी हालत में वहां हरा नहीं सकते. वहां आप की सरकार वापस आने वाली है. 3 दिन पहले अशोक मित्तल के यहां ED का छापा पड़ा फिर सभी को उदाहरण दिया गया कि हम आपके यहां भी कर सकते हैं। सभी को तोड़कर फिर ले जाते हैं.”
राघव चड्ढा सहित सात राज्यसभा सांसदों का AAP से इस्तीफा
बता दें कि राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बड़ी जानकारी दी. राघव चड्ढा ने दावा किया कि अशोक मित्तल, संदीप पाठक, स्वाति मालिवाल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता आदि ने भी आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है.
