न्यूज डेस्क, 5 जुलाई 2026
दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ के रिलीज़ होने के दो दिन बाद OTT प्लेटफ़ॉर्म Zee5 से हटा दी गई है। यह फिल्म सेंसर बोर्ड के साथ करीब चार साल लंबी लड़ाई लड़ने के बाद 3 जुलाई को OTT Zee5 पर रिलीज़ हुई थी और इसे बिना कोई ठोस कारण बताए अचानक हटा दिए जाने से कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।
बता दे कि यह फिल्म पहले ‘पंजाब 95’ के नाम से बनी थी। लेकिन फिल्म को सेंसर बोर्ड ने रिलीज नहीं होने दिया था जहां फिल्म के निर्माता को चार साल तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। आखिरकार यह फिल्म सतलुज नाम से OTT प्लेटफार्म ZEE5 पर सट्रीम हुई। फिल्म पहले ही दिन से दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई थी लेकिन रविवार को इसे अचानक ही OTT प्लेटफ़ॉर्म से हटा दिया गया।
फ़िल्म को हटाने के बाद, Zee5 ने अपने X हैंडल पर एक आधिकारिक बयान जारी किया। जिसमें लिखा:
“हो सकता है कि ‘सतलुज’ कुछ समय के लिए रुक गई हो, लेकिन इसने जो बातचीत शुरू की है, वह नहीं रुकी है। इतने शानदार प्यार के लिए आपका शुक्रिया। हम इसे जल्द ही वापस लाने की उम्मीद करते हैं।”
इसके साथ ही Zee5 ने इस संबंध में एक विस्तृत बयान भी जारी किया लेकिन उसमें भी फिल्म को हटाने के कारणों का कोई खुलासा नहीं किया, बल्कि Zee5 बयान के जरिए अपनी साख बचाता ही नजर आ रहा है। Zee5 ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए, अगली सूचना तक इस फ़िल्म को प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध नहीं कराया गया है। कंपनी ने कहा कि वह फ़िल्म को जल्द से जल्द दर्शकों तक वापस लाने के लिए सभी ज़रूरी कानूनी और प्रक्रियात्मक तरीकों पर विचार कर रही है। Zee5 ने बयान में – फिल्म को मिले ज़बरदस्त रिस्पॉन्स के लिए दर्शकों का आभार जताया और दर्शकों को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। आगे कहा गया कि Zee5 ‘सतलुज’ के मेकर्स और इसके पीछे की क्रिएटिव सोच के साथ मज़बूती से खड़ा है। साथ ही, यह भी कहा कि सार्थक कहानी कहने में लोगों को प्रेरित करने, लंबे समय तक याद रहने और गहरा असर छोड़ने की ताकत होती है।


