न्यूज़ डेस्क, 26/11/2026
ज्योतिष शास्त्र में न्याय और कर्म के देवता माने जाने वाले शनि देव आगामी 11 दिसंबर को मीन राशि में मार्गी होने जा रहे हैं. यानी इस दिन से शनि देव अपनी उल्टी चाल छोड़कर सीधी चाल चलना शुरू करेंगे. लखनऊ के ज्यातिषाचार्य डॉ. उमाशंकर मिश्र के अनुसार, शनि की यह सीधी चाल जहां कई राशियों के लिए राहत लेकर आएगी, वहीं चार राशियों के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है. इस दौरान इन राशियों को अपने करियर और आर्थिक फैसलों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
किन 4 राशियों को रहना होगा सतर्क?
मेष राशि: मेष राशि के जातकों पर शनि की साढ़ेसाती का पहला चरण चल रहा है और शनि बारहवें भाव में गोचर कर रहे हैं. यह भाव खर्च और स्थान परिवर्तन से जुड़ा होता है. ऐसे में नौकरी के सिलसिले में विदेश जाने या शहर बदलने की योजना बना रहे लोगों को थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है. इस अवधि में अचानक खर्च बढ़ सकते हैं, इसलिए कर्ज लेने से बचें और बजट बनाकर चलें. किसी भी नए कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर करने से पहले कागजात अच्छी तरह जांच लें.
सिंह राशि: सिंह राशि वालों के लिए शनि आठवें भाव (अष्टम शनि) में विराजमान हैं, जिसे ढैय्या का प्रभाव भी माना जाता है. कार्यस्थल पर सहकर्मियों के साथ अनबन या काम में देरी से मानसिक तनाव बढ़ सकता है. अपने जरूरी काम दूसरों के भरोसे न छोड़ें. आर्थिक मोर्चे पर शेयर बाजार या किसी भी जोखिम भरे निवेश से दूर रहना ही बेहतर होगा. नौकरी बदलने का फैसला जल्दबाजी में न लें.
कुंभ राशि: कुंभ राशि पर साढ़ेसाती का अंतिम चरण चल रहा है और शनि दूसरे भाव (धन और वाणी के स्थान) में हैं. दिसंबर के महीने में नौकरीपेशा लोगों को अपनी आमदनी और खर्चों के बीच संतुलन बनाकर चलना होगा. कारोबार विस्तार या नए निवेश से पहले पूरी पड़ताल करें, क्योंकि पुराना पैसा फंसने या भुगतान में देरी होने की आशंका है. ऑफिस में अपनी वाणी पर संयम रखें.
मीन राशि: शनि देव आपकी ही राशि के लग्न भाव में मार्गी होने जा रहे हैं और आप पर साढ़ेसाती का दूसरा (मध्य) चरण चल रहा है. इसके प्रभाव से कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियों का बोझ और दबाव बढ़ सकता है. वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करते समय धैर्य रखें. बिना किसी ठोस दूसरे विकल्प के मौजूदा नौकरी छोड़ने की गलती न करें, वरना आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
