Brendan Taylor
जिम्बाब्वे, 15 सितंबर 2026
जिम्बाब्वे के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने वनडे इंटरनेशनल (ODI) क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में मैदान पर उतरते ही टेलर दुनिया के सबसे लंबे समय तक वनडे प्रारूप खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के वर्षों पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
22 साल और 146 से अधिक दिनों का लंबा करियर
40 वर्षीय ब्रेंडन टेलर ने 20 अप्रैल 2004 को श्रीलंका के खिलाफ अपना वनडे पदार्पण (Debute) किया था। अब 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही उनका वनडे करियर 22 साल और 146 से अधिक दिनों का हो गया है।
तेंदुलकर ने 18 दिसंबर 1989 को डेब्यू किया था और 18 मार्च 2012 को अपना आखिरी वनडे खेला था। उनका करियर 22 साल और 91 दिनों तक चला था। अब इस सूची में टेलर पहले स्थान पर और सचिन दूसरे स्थान पर आ गए हैं, जबकि श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (21 साल 184 दिन) तीसरे नंबर पर हैं।
आईसीसी बैन और संन्यास के बाद की शानदार वापसी
टेलर का यह सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। उन्होंने 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। इसके बाद आईसीसी द्वारा एंटी-करप्शन और एंटी-डोपिंग कोड के उल्लंघन (देर से रिपोर्ट करने) के कारण उन पर 3.5 साल का प्रतिबंध लगाया गया था। निलंबन अवधि पूरी होने के बाद टेलर ने 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की। जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए इस अनुभवी खिलाड़ी को टीम में वापस शामिल किया।
जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा वनडे शतक
ब्रेंडन टेलर जिम्बाब्वे के सबसे सफल और भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं:
-
मैच और रन: 207 से अधिक वनडे मैचों में 6,700 से ज्यादा रन।
-
शतक: 11 वनडे शतक (जिम्बाब्वे की ओर से सबसे ज्यादा वनडे शतक बनाने का रिकॉर्ड)।
हालांकि, लंबे करियर अवधि के मामले में टेलर ने सचिन को पीछे छोड़ दिया है, लेकिन सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने (463 मैच) और सबसे ज्यादा रन (18,426 रन) बनाने का सर्वकालिक रिकॉर्ड अब भी सचिन तेंदुलकर के ही नाम दर्ज है।
