चंडीगढ़, 20/05/2026
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने राहुल गांधी के पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर दिए गए बयान को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राहुल गांधी का दिमागी संतुलन बिगड़ गया है और उन्हें किसी बेहतक डॉक्टर से अपने दिमाग का इलाज करवाना चाहिए.
राहुल गांधी दिमागी इलाज करवाएं
नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “माननीय प्रधानमंत्री जी और माननीय गृहमंत्री जी के प्रति राहुल गांधी द्वारा दिया गया बयान यह स्पष्ट करता है कि वो राजनीतिक विरोध में अपनी मर्यादा, संवेदनशीलता और मानसिक संतुलन खो चुका है. उसकी टिप्पणी ने केवल देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों का ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान किया है. राहुल गांधी को अपने इस गैर-जिम्मेदाराना बयान के लिए देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए. साथ ही दिमागी संतुलन के लिए किसी बेहतर डॉक्टर से अपने दिमाग का इलाज करवाना चाहिए.”
राहुल गांधी ने क्या कहा था ?
आपको बता दें कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली में बुधवार को कहा था कि “जब RSS के कार्यकर्ता आपके सामने आएंगे तो उनसे खुलकर कहिएगा कि आपका प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और संगठन गद्दार है. आपने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है.”
भारतीय राजनीति के राहु हैं राहुल गांधी
नायब सिंह सैनी से पहले राहुल गांधी के गद्दार वाले बयान पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि “ये उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है. मैं मानता हूं कि आप भारतीय राजनीति के राहु हैं, जो देश की राजनीति को दूषित करते हैं”. वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि “राहुल गांधी रिजेक्टेड माल हैं.”
