गुरुग्राम, 14/04/2026
हरियाणा के गुरुग्राम के IMT मानेसर में 9 अप्रैल को हुई हिंसक घटना के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. जांच में सामने आया है कि हड़ताल के दौरान दंगा भड़काने, तोड़फोड़ और आगजनी की साजिश पहले से रची गई थी, जिसमें बाहरी लोगों की अहम भूमिका रही.
पेट्रोल बम के इस्तेमाल की साज़िश
दरअसल हड़ताल के दौरान उपद्रवियों ने कंपनियों में जमकर तोड़फोड़ की, सरकारी वाहनों में आग लगाई, कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की थी. साथ ही इस दौरान पथराव भी किया गया था. पुलिस PRO संदीप की माने तो जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. संदीप ने बताया कि इन आरोपियों में से अधिकांश का गुरुग्राम की किसी भी कंपनी से कोई संबंध नहीं है. वहीं व्हाट्सएप चैट के जरिए ये भी सामने आया कि कंपनियों में आग लगाने के लिए पेट्रोल बम तक इस्तेमाल करने की साजिश रची गई थी. इन आरोपियों ने हड़ताल कर रहे श्रमिकों को उकसाकर माहौल बिगाड़ने और हिंसा फैलाने का भी काम किया था.
6 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने गुरुग्राम से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में आकाश, हरीश चंद, पिंटू कुमार यादव, राजू सिंह, श्यामबीर और अजीत सिंह शामिल हैं. गुरुग्राम पुलिस ने श्रमिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी बाहरी व्यक्ति के बहकावे में न आएं. यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या हिंसा के लिए उकसाने की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. आपको बता दें कि गुरुग्राम के बाद नोएडा में भी आज प्रदर्शन हिंसक हो गया और आगजनी की कई घटनाएं सामने आई. वहीं गुरुग्राम पुलिस के PRO की माने तो वे गुरुग्राम पुलिस के द्वारा की गई जांच को यूपी पुलिस के साथ भी साझा करेंगे. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है.
