नई दिल्ली, 06/10/2026
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने नई दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भेंट कर पंजाब के भावी राजनीतिक परिदृश्य और संगठनात्मक रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया।
“संगठन को मजबूत करने के लिए करेंगे अनथक प्रयास”
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद परगट सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा“नेता प्रतिपक्ष आदरणीय श्री राहुल गांधी जी से मुलाकात करना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात रही। मैं उनके कुशल नेतृत्व, प्रोत्साहन और पंजाब व यहाँ के जनमानस के हितों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। नई ऊर्जा, अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं और पंजाब की जनता की सामूहिक ताकत के साथ, हम कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और राज्य के बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का मांगा आशीर्वाद
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भेंट के बाद भी परगट सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से वे पंजाब के लोगों के अधिकारों और पार्टी हित में पूरी निष्ठा के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
2027 विधानसभा चुनाव और गुटबाजी खत्म करना मुख्य चुनौती
पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को हाल ही में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपी गई है। पार्टी हाईकमान के इस फैसले के साथ ही कांग्रेस ने आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के सामने सबसे प्राथमिक और बड़ी चुनौती पार्टी के भीतर विभिन्न गुटों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और बिखरे हुए कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर संगठन को एकजुट व ऊर्जावान बनाना है।
