चंडीगढ़ (Patarkar Desk)-हरियाणा सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 30 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी की गई तबादला सूची में 29 आईपीएस और एक एचपीएस अधिकारी शामिल हैं। इस फेरबदल के तहत कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है, जबकि स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में भी दो आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है।
नरेंद्र बिजारणियां को STF में जिम्मेदारी
तबादला आदेश के अनुसार करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणियां का तबादला कर उन्हें एसपी, एसटीएफ नियुक्त किया गया है। वहीं आईपीएस अधिकारी सुमित कुमार को भी एसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसटीएफ में दो अधिकारियों की नियुक्ति को अपराध नियंत्रण और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
करनाल, पानीपत और पलवल को मिले नए SP
सरकार ने आईपीएस अधिकारी करण गोयल को करनाल का नया एसपी नियुक्त किया है। वहीं दीप्ति गर्ग को पानीपत और मेधा भूषण को पलवल का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा आईपीएस मयंक मिश्रा को भिवानी का एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि प्रबीना पी को नारनौल की पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
कई जिलों में बदलेगा पुलिस प्रशासन का नेतृत्व
तबादलों के बाद प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है। करनाल, पानीपत, भिवानी, पलवल और नारनौल जैसे जिलों में नए एसपी की नियुक्ति के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है।
संदीप खिरवार को CRPF में प्रमोशन
इसके अलावा आईपीएस अधिकारी संदीप खिरवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में एडीजी पद से पदोन्नत कर स्पेशल डायरेक्टर जनरल, CRPF बनाया गया है।
हरियाणा पुलिस में यह बड़ा फेरबदल ऐसे समय किया गया है जब कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर नियंत्रण और संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पुलिस प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
