प्रो स्टार क्रिकेट लीग
न्यूज़ डेस्क, 07 सितंबर 2026
पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने रविवार को श्रीनगर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग लिया. जिसको प्रो स्टार क्रिकेट लीग के दूसरे सीजन की शुरुआत की घोषणा करने के लिए बुलाई गई थी.
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिखर धवन के अलावा जम्मू कश्मीर की स्टार खिलाड़ी परवेज रसूल और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा भी मौजूद थे. इस मौके पर जब एक पत्रकार ने शिखर धवन से सवाल किया कि क्या जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों के साथ भेदभाव होता है क्योंकि उन्हें अधिक मौके नहीं मिलते तो उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम में खिलाड़ियों के चयन में क्षेत्र के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता लेकिन इस प्रक्रिया में किस्मत भी भूमिका निभा सकती है.
उन्होंने कहा, ‘नहीं, निश्चित रूप से कोई भेदभाव नहीं होता. अगर आप अच्छा खेलते हैं तो दुनिया में कोई भी आपको बाहर नहीं रख सकता. आपका खेल ही आपकी पहचान बनता है. कभी-कभी किस्मत भी भूमिका निभाती है. बता दें कि घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद तेज गेंदबाज आकिब नबी और बल्लेबाज सरफराज खान का टीम इंडिया में चयन नहीं हुआ तो फिर इस तरह का सवाल सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा उठाया गया. हालांकि बाद में दोनों खिलाड़ियों को चोटिल खिलाड़ियों की जगह टीम इंडिया में चुना गया, लेकिन अभी तक उन दोनों को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिल सकी है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये ऐलान किया गया कि प्रो स्टार क्रिकेट लीग का दूसरा सीजन अगले साल मार्च के पहले हफ्ते में शुरू होगा. इसकी शुरुआत जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर से होगी और फाइनल देहरादून में होगा. खास बात ये है कि शिखर धवन को जम्मू-कश्मीर के क्रिकेटर परवेज रसूल के साथ लीग का आइकॉनिक खिलाड़ी घोषित किया गया. जबकि पूर्व भारतीय क्रिकेटर और अब कमेंटेटर आकाश चोपड़ा को लीग का कमिश्नर बनाया गया है.
