भिवानी से गुजरात भेजी जा रही थी अंग्रेजी शराब: कूरियर पैकेट पर लिखा था 'एलोवेरा जूस'
भिवानी, 24 सितंबर 2026
ड्राई स्टेट गुजरात में शराब की तस्करी का एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। तस्कर कूरियर के जरिए एलोवेरा जूस के पैकेटों का नाम देकर अहमदाबाद अंग्रेजी शराब की खेप भेज रहे थे। भिवानी पुलिस की सीआईए (CIA) स्टाफ-2 ने इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
कूरियर दफ्तर में पैकेट खोलते ही उड़े होश
मामला तोशाम बाईपास स्थित एक निजी कूरियर डिलीवरी कार्यालय का है। कूरियर कंपनी के सिक्योरिटी इंचार्ज मनमोहन ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अहमदाबाद (गुजरात) भेजने के लिए हुडा सेक्टर-13 के पते से छह सीलबंद पैकेट आए थे। इन पैकेटों के स्टीकर पर ‘एलोवेरा जूस’ लिखा हुआ था। कूरियर कर्मचारियों को संदेह होने पर जब पैकेट खोले गए, तो उनके अंदर से एलोवेरा जूस की जगह भारी मात्रा में ‘रेड लेबल’ मार्का अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
27 बोतल शराब बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही सीआईए-2 के उप निरीक्षक अजय की टीम मौके पर पहुंची और पैकेटों को कब्जे में लिया। जांच के दौरान कुल 27 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। एसपी मयंक मिश्रा के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया:
-
कमल: निवासी हनुमान गेट, भिवानी (सेक्टर-13 से गिरफ्तार)
-
सुनील: निवासी गांव हुई, चरखी दादरी (लोहारू चौक से गिरफ्तार)
गुजरात में मोटे मुनाफे का लालच
थाना शहर भिवानी में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में तस्करों ने कुबूल किया कि गुजरात में शराबबंदी होने के कारण वे वहां कूरियर के जरिए महंगे दामों पर शराब भेजकर मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सुनील का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ राजस्थान के जयपुर में भी आबकारी अधिनियम का केस दर्ज है। अदालत ने आरोपी कमल को जेल भेज दिया है, जबकि सुनील को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाएगी कि यह शराब कहां से खरीदी गई थी और गुजरात में इसकी डिलीवरी लेने वाला मेन नेटवर्क कौन संभाल रहा था।
