haryana governor
चंडीगढ़, 05/10/2026
हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय दल के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। इस महाकुंभ में भारतीय एथलीटों ने देश के लिए कुल 85 पदक जीतकर तिरंगा लहराया।
राज्यपाल ने विशेष रूप से हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक (14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य) देश की झोली में डालकर प्रदेश और पूरे भारत का मान बढ़ाया है।
प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनवरत मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
कोच, सपोर्ट स्टाफ और परिजनों का जताया आभार
राज्यपाल ने पदक विजेताओं के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों (Coaches), सपोर्ट स्टाफ और परिजनों को भी इस गौरवपूर्ण पल के लिए बधाई दी।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने उन खिलाड़ियों के प्रयासों की भी सराहना की जो बेहद कड़े मुकाबले में मामूली अंतर से पदक से चूक गए। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों का धैर्य और खेल भावना (Sportsmanship) भी उतनी ही प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एशियन गेम्स 2026 के ये परिणाम देश और प्रदेश की युवा पीढ़ी को खेलों को करियर के रूप में चुनने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगे।
