मुंबई (अनिल बेदाग) 20/11/2026
सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलने की ताकत भी रखता है। निर्देशक समीर तिवारी की मराठी फिल्म ‘बाप्या’ इसी सोच की एक खूबसूरत मिसाल बनकर सामने आई है। थर्ड जेंडर समुदाय के सम्मान, समानता और व्यक्तिगत अधिकारों की बात करने वाली इस फिल्म ने अब प्रतिष्ठित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI), गोवा के इंडियन पैनोरमा में जगह बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट में थर्ड जेंडर के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था देखकर निर्देशक समीर तिवारी भावुक और प्रेरित हुए। उनके मुताबिक, “यह सिर्फ एक शौचालय की सुविधा नहीं, बल्कि किसी की पहचान, सम्मान और समान अधिकारों को स्वीकार करने का प्रतीक है।” उनका मानना है कि थर्ड जेंडर समुदाय को सम्मान देना हमारी समृद्ध परंपराओं और मानवीय मूल्यों का हिस्सा रहा है।
इसी संवेदनशील सोच को ‘बाप्या’ कॉमेडी, ड्रामा और खूबसूरत प्रेम कहानी के जरिए पर्दे पर उतारती है। फिल्म की खासियत यह है कि गंभीर सामाजिक मुद्दे को बिना उपदेश दिए पारिवारिक मनोरंजन के अंदाज में प्रस्तुत करती है। समीर तिवारी के अनुसार, “इंसान को उसकी पहचान के साथ स्वीकार करना और प्यार को सामाजिक रूढ़ियों से ऊपर रखना ही फिल्म का मूल संदेश है।”
मेनस्ट्रीम सिनेमा श्रेणी में चयनित इस फिल्म के लिए निर्देशक ने इंडियन पैनोरमा की चयन समिति और NFDC का आभार जताया है। फिल्म 25 अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में चयनित, 17 पुरस्कारों से सम्मानित और 22 नामांकन हासिल कर चुकी है। जनवरी 2026 में पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में इसे प्रतिष्ठित संत तुकाराम पुरस्कार भी मिला।
अब अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही ‘बाप्या’ की टैगलाइन ‘बाप्या, बघितलंत का?’ दर्शकों को फिल्म देखने का न्योता देती है। यह फिल्म बताती है कि असली बदलाव तब आता है, जब हम पहचान नहीं, इंसानियत को प्राथमिकता देते हैं।
