Gulab chand kataria
चंडीगढ़, 3 अगस्त 2026
पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती अनीता कटारिया के साथ आज पंजाब लोकभवन में पंजाब के राज्य सूचना आयुक्त श्री हरप्रीत संधू द्वारा संकलित कॉफी-टेबल चित्रात्मक प्रकाशन ‘द प्राइड ऑफ पीकॉक: ग्लोरी ऑफ इंडिया’ का विमोचन किया। ‘सावन: सिम्फनी ऑफ द मॉनसून्स’ विषय पर आधारित यह प्रकाशन पर्यावरण जागरूकता, जैव विविधता संरक्षण तथा भारत की प्राकृतिक विरासत के प्रति सम्मान का संदेश देता है।
राज्यपाल ने इस प्रकाशन को कला, प्रकृति और संरक्षण का अनूठा संगम बताते हुए कहा कि यह भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर को समर्पित एक प्रेरणादायी कृति है, जो विशेषकर युवाओं को वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करती है।
श्री गुरु नानक देव जी की बाणी “पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महत” का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने प्रकृति के संरक्षण और सम्मान की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भगवान कार्तिकेय, माँ सरस्वती तथा भगवान श्रीकृष्ण के मोरपंख से जुड़ाव के कारण मोर भारतीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत में विशेष स्थान रखता है। उन्होंने नागरिकों से वनों, आर्द्रभूमियों एवं प्राकृतिक आवासों की रक्षा कर जैव विविधता के संरक्षण तथा सतत जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुबाणी के शबद गायन से हुआ। प्रकाशन में मोर की सुंदरता को चित्रों एवं कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन के पर्यटन विभाग एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के सहयोग से तैयार मोर पर आधारित एक वृत्तचित्र का भी प्रदर्शन किया गया।
