Oplus_131072
न्यूज डेस्क, 09 जुलाई 2026
कोलकाता में फीफा वर्ल्ड कप का जुनून स्कूल के बच्चों के सर चढ़कर बोल रहा है. यहां ऐसे फैंस हैं जिनका इस खेल से भावनात्मक जुड़ाव पीढ़ियों से चला आ रहा है. टूर्नामेंट अब अपने आखिरी पड़ाव पर है. इस बीच कोलकाता के सबसे पुराने और प्रमुख संस्थानों में से एक, साउथ पॉइंट हाई स्कूल ने छात्रों में खेल के प्रति जुनून को बढ़ावा देने के लिए अपनी परीक्षा टाल दी है.
दरअसल फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 20 जुलाई को भारतीय समय के अनुसार 12:30 सुबह शुरू होगा. इस बड़े मैच को देखने के लिए छात्र देर रात तक जागेंगे. जिसकी वजह से स्कूल प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला किया है.
स्कूल अधिकारियों ने कक्षा VI से X तक की परीक्षाएं, जो पहले 20 और 21 जुलाई को होनी थीं, उन्हें टाल दिया है. एक आधिकारिक सूचना के अनुसार, उन दो दिनों में होने वाली सभी परीक्षाएं अब एक संशोधित तारीख पर होंगी. 20 जुलाई को होने वाली परीक्षाएं अब 29 जुलाई को होंगी. जबकि 21 जुलाई को होने वाली परीक्षाएं अब 30 जुलाई को होंगी.
साउथ पॉइंट हाई स्कूल के प्रिंसिपल जयदेव घोष ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, की इस फैसले का मुख्य कारण छात्रों को खेलों, खासकर फुटबॉल में दिलचस्पी लेने के लिए प्रोत्साहित करना है. फुटबॉल टीमवर्क, सहयोग और सामूहिक संघर्ष की भावना सिखाता है. ये ऐसे गुण हैं जिन्हें स्कूल युवा मन में बसाना चाहता है.उन्होंने कहा कि स्कूल छात्रों को वर्ल्ड कप फाइनल जैसे बड़े ग्लोबल इवेंट का आनंद लेने का मौका देना चाहता है. ‘अगर अगली सुबह परीक्षा होती, तो कई माता-पिता अपने बच्चों को मैच देखने के लिए देर रात तक जागने देने में हिचकिचाते, जिससे छात्र लंबे समय तक खुद को वंचित महसूस करते. इसलिए, हमने छात्रों के हित में परीक्षा का समय बदल दिया. अगर इस पहल की वजह से बहुत कम प्रतिशत, शायद दो से पांच प्रतिशत छात्र भी फुटबॉल में जीवन भर के लिए दिलचस्पी लेने लगते हैं, तो हम अपनी कोशिश को बड़ी कामयाबी मानेंगे.


