MS Dhoni
न्यूज़ डेस्क, 17/11/2026
सुपर किंग्स (CSK) के सबसे बड़े चेहरों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी अब खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल में नजर नहीं आएंगे। करीब 18 साल तक चेन्नई के साथ जुड़े रहने के बाद धोनी आईपीएल 2027 से टीम के मेंटर की भूमिका निभाते नज़र आएंगे | साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी को करीब 6 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। उस समय वह लीग के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल थे। इसके बाद धोनी ने अपने प्रदर्शन और कप्तानी से न केवल चेन्नई को नई पहचान दिलाई, बल्कि आईपीएल के सबसे सफल खिलाड़ियों में अपनी जगह भी बनाई।
IPL से करीब 201 करोड़ रुपये की कमाई
धोनी की आईपीएल कमाई में पिछले 18 सालों के दौरान कई बदलाव आए। शुरुआती तीन सीजन में उन्हें करीब 6 करोड़ रुपये प्रति सीजन मिले। इसके बाद उनकी सैलरी बढ़कर 8.28 करोड़ और फिर 12.5 करोड़ रुपये तक पहुंची।
साल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स की वापसी के बाद धोनी को 15 करोड़ रुपये प्रति सीजन मिलने लगे। यह उनके आईपीएल करियर की सबसे बड़ी सैलरी रही। 2022 से 2024 तक उन्हें 12 करोड़ रुपये प्रति सीजन मिले, जबकि 2025 और 2026 में अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर उनकी सैलरी 4 करोड़ रुपये रही।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी ने अपने आईपीएल करियर के दौरान करीब 200 से 201 करोड़ रुपये की कमाई की। हालांकि, अलग-अलग रिपोर्ट्स में कुल कमाई के आंकड़े में थोड़ा अंतर है।
धोनी की कप्तानी में CSK ने जीते 5 IPL खिताब
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीते। इसके अलावा चेन्नई ने धोनी की कप्तानी में दो बार चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी हासिल किया।
साल 2016 और 2017 में चेन्नई सुपर किंग्स पर प्रतिबंध के कारण धोनी को राइजिंग पुणे सुपरजायंट की तरफ से खेलना पड़ा। 2018 में चेन्नई की वापसी के साथ ही धोनी ने टीम को फिर से चैंपियन बनाया।
धोनी का IPL करियर
धोनी ने अपने आईपीएल करियर में कुल 278 मुकाबले खेले और 242 पारियों में 5,439 रन बनाए। उनका बल्लेबाजी औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए और 264 छक्के जड़े।
विकेटकीपर के तौर पर भी धोनी का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने आईपीएल में 158 कैच पकड़े और 47 बल्लेबाजों को स्टंप आउट किया। वह 100 पारियों में नाबाद भी लौटे।
अब मेंटर की भूमिका में दिखेंगे धोनी
आईपीएल 2027 से धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इस भूमिका में वह युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने और टीम की रणनीति बनाने में योगदान देंगे।
धोनी के खिलाड़ी के रूप में आईपीएल सफर का अंत भले ही हो गया है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता जारी रहेगा। पीली जर्सी में मैदान पर उनकी मौजूदगी को मिस करने वाले प्रशंसकों के लिए अब उन्हें एक नए अंदाज में देखने का मौका होगा।
