चंडीगढ़, 28/04/2026
हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में बड़ा फैसला लेते हुए बड़ी सौगात दी है. हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में 2 फीसदी की बढ़ोत्तरी कर दी है जिसके बाद डीए 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत कर दिया गया है. केंद्र सरकार की तर्ज पर फैसला लिया गया है. हरियाणा की नायब सिंह सैनी के इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा मिलेगा.
58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत
हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) को 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया है. सरकारी आदेश के मुताबिक ये बढ़ोत्तरी 1 जनवरी 2026 से लागू होगी और इसका भुगतान मई 2026 के वेतन के साथ किया जाएगा, जबकि बकाया जून 2026 में मिलेगा. इस फैसले का लाभ सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन और पेंशन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा. सरकार ने स्पष्ट किया है कि डीए/डीआर के भुगतान में 50 पैसे या उससे अधिक की राशि को अगले पूरे रुपये में गिना किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम की राशि को नजरअंदाज किया जाएगा.
कर्मचारियों को बड़ी राहत
वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने अपने हस्ताक्षर से ये आदेश जारी किया है. आदेश से लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा. बढ़ती महंगाई के बीच ये फैसला कर्मचारियों के लिए राहत की बौछारें लेकर आया है. हालांकि सरकार के इस फैसले से राज्य के खजाने पर अतिरिक्त भार पड़ेगा लेकिन ये कर्मचारियों और खास तौर पर पेंशनर्स को बड़ी राहत देने का काम करेगा.
