गुरुग्राम(Patarkar Desk)। कांग्रेस ने रविवार को बादशाहपुर में शक्ति प्रदर्शन किया। बादशाहपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से वाटिका चौक स्थित औरम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विशाल ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। सम्मेलन में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र हुड्डा और कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज मुख्य रूप से मौजूद रहे। कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव और ब्लॉक अध्यक्ष अशोक उल्लावास ने सभी नेताओं का स्वागत किया। बैठक में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि भाजपा राज में हरियाणा बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता से जूझ रहा है। सीमा पर दुश्मन के दांत खट्टे करने वाला क्षेत्र का युवा आज रोजगार के लिए भटक रहा है। भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और विपक्ष की आवाज को एफआईआर से दबाना चाहती है। राहुल गांधी पर FIR और हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुई घटना की निंदा करते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार के कुप्रबंधन के कारण हरियाणा विकास में पिछड़ गया है। युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और कानून व्यवस्था खराब है। उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के सिस्टम पर सवाल उठाए और कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को रेगुलर करने और समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ चुनावी पार्टी नहीं है, यह लोगों के सुख-दुख की साथी है।
गुरुग्राम जलभराव और जाम का शहर बन गया है: दीपेंद्र हुड्डा
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि BJP ने मिलेनियम सिटी गुरुग्राम को जलभराव, ट्रैफिक जाम और टूटी सड़कों का शहर बना दिया है। थोड़ी सी बारिश में ड्रेनेज फेल हो जाता है, लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। BJP का विकास सिर्फ विज्ञापनों में दिखता है, जमीन पर नहीं।
जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि गुरुग्राम सरकार का खजाना भरता है, लेकिन बदले में उसे टूटी सड़कें और जलभराव मिलता है। लोग अपने टैक्स का हिसाब मांगें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सामने मुद्दे उठाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR करना लोकतंत्र पर हमला है, इससे आवाज नहीं दबेगी।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया, शहर अध्यक्ष पंकज डावर, सीमा पाहूजा, नीरज यादव, सुनीता सहरावत, महिला जिला अध्यक्ष पूजा शर्मा, PCC सदस्य पंकज भारद्वाज, कुलदीप गुर्जर, पार्षद सतपाल दौलताबाद, जिला और ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
