चंडीगढ़, 17/10/2026
हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं प्रदेशभर में फसल खरीद व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी किसान को अपनी फसल बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। मंडियों में खरीद, उठान और भुगतान की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री शनिवार को रोहतक अनाज मंडी में फसल खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे और इस दौरान वे पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए दो से तीन महीने तक मंडियों में इंतजार करना पड़ता था। आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में खरीद व्यवस्था में तेजी लाई है। अब 15 दिन में खरीद पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसानों की चिंता करने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी करने की आदत पड़ गई है। सरकार की प्राथमिकता किसान की फसल का समय पर उचित मूल्य दिलाना और मंडियों से उसका शीघ्र उठान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए कभी फसल खरीद तो कभी एसआईआर को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने हरियाणा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसान, गरीब, युवा और हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
मंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे यही चुनाव आयोग पूरी तरह निष्पक्ष नजर आता है, लेकिन हारते ही चुनाव आयोग पर धांधली के आरोप लगाने शुरू कर दिए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष सुनियोजित तरीके से अराजकता का माहौल पैदा करना चाहता है। कांग्रेस अपनी चुनावी हार की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह ढाका, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, चेयरमैन हरिश कौशिक, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, हरिओम भाली, अधिकारी व किसान मौजूद रहे।
