yamunanagar
यमुनानगर, 11 सितंबर 2026
यमुनानगर के हमीदा क्षेत्र स्थित आत्मापुरी कॉलोनी में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया. दरअसल, जिस जकान में बुलडोजर चलाई गई, वो नशा तस्करी से जुड़े आरोपियों के परिवारों का मकान है. मामले में प्रशासन का कहना है कि मकान निर्माण नियमों के विपरीत बनाया गया था. कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौके पर मौजूद रहे. इस दौरान मकान में रहने वाली महिलाओं ने इसका विरोध किया और घर नहीं तोड़ने की गुहार लगाई.
प्रशासन की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची तो सबसे पहले मकान में मौजूद महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घर का सामान भी बाहर निकलवाया गया. पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई. इसके बाद नगर निगम और प्रशासन की टीम ने मकान को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी.
मकान में रह रही मुस्तरी ने अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर घर नहीं तोड़ने की अपील की. मुस्तरी ने कहा कि, “यह मकान मेरे नाम पर है और मैंने काफी मुश्किलों से इसे बनवाया है. मैंने अपने बेटों नईम और मुस्तकीम को पहले ही बेदखल कर दिया है.” महिलाओं के विरोध के बावजूद प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी होने की बात कहते हुए कार्रवाई जारी रखी.
कार्रवाई के दौरान परिवार की ओर से बताया गया कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है. परिवार का वकील भी मौके पर पहुंचा और उसने कहा कि मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को निर्धारित है. हालांकि मकान तोड़ने की कार्रवाई पर रोक लगाने वाला कोई स्टे ऑर्डर प्रशासन के सामने पेश नहीं किया जा सका. इसके बाद अधिकारियों ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी.
पुलिस के मुताबिक परिवार के सदस्य नईम और मुस्तकीम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आठ मामले दर्ज हैं और दोनों कई बार जेल जा चुके हैं. मामले में थाना प्रभारी मनोज वर्मा ने कहा कि, “दोनों आरोपियों के खिलाफ नशा तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं और पुलिस रिकॉर्ड में इनके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है.”
वहीं, ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र दहिया ने बताया कि, “प्रशासन ने कानून और निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की है. मकान के दस्तावेजों और निर्माण की जांच की गई थी. नियमों के विपरीत निर्माण पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई और मौके पर कोई स्टे ऑर्डर प्रस्तुत नहीं किया गया.”
नगर निगम के अनुसार हमीदा क्षेत्र में अवैध निर्माण के मामले में कुल नौ मकान चिन्हित किए गए हैं. कुछ मकानों को कोर्ट से राहत मिली हुई है, जबकि जिन मामलों में कोई कानूनी रोक नहीं है, वहां कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने बताया कि मौके पर पुलिस बल के साथ सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे और कार्रवाई के दौरान स्थिति नियंत्रण में रही.
