चंडीगढ़, 22/10/2026
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ आज पंजाब विधानसभा सत्र के बाहर अबोहर के मृतक अजय के परिवार को लेकर पहुंचे और सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए अजय की मां ने संत नगर में हुए हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराने और मृतक द्वारा मृत्यु से पहले पुलिस को दिए गए बयानों के आधार पर असली दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की
अजय कुमार की मां और उनके पारिवारिक सदस्यों को विधानसभा के बाहर धरना देते समय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान सुनील जाखड़ ने कहा कि वह हर रोज इस परिवार को यहां विधानसभा के बाहर लेकर आएंगे, ताकि बहरी सरकार के कानों तक उनकी आवाज पहुंचाई जा सके। इस अवसर पर भाजपा नेता अश्वनी कुमार शर्मा भी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर को अबोहर के संत नगर में अजय कुमार नामक युवक को गोलियां मारी गई थीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में कई दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन अंततः 19 अक्टूबर को उसकी मृत्यु हो गई। परिवार की ओर से इंसाफ की मांग को लेकर अबोहर में धरना दिया जा रहा है और परिवार के अनुसार अभी तक मृतक का पोस्टमार्टम भी नहीं हुआ है।
इस अवसर पर अजय की मां और परिवार के सदस्यों ने बताया कि वर्ष 2015 में हुए भीम हत्याकांड में अजय के भाई ने गवाही दी थी उन्होंने कहा कि अजय ने मृत्यु से पहले पुलिस को स्पष्ट बयान दिए थे, लेकिन उनके दावे के अनुसार पुलिस ने अभी तक उन बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज नहीं की है। जाखड़ ने मांग की कि मृतक के बयानों को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और जो भी व्यक्ति इस हत्या में शामिल पाए जाएं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
