चंडीगढ़, 17/10/2026
समाजवाद और जनकल्याण के प्रणेता, ‘एक रुपया और एक ईंट’ के सिद्धांत से पूरे विश्व को आपसी भाईचारे का संदेश देने वाले महाराजा अग्रसेन की जयंती के उपलक्ष्य पर शनिवार को हिसार के बरवाला में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। महाराजा अग्रसेन वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित इस समारोह के अवसर पर उन्होंने समाजसेवा, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए महाराजा अग्रसेन सामुदायिक केंद्र का भी शिलान्यास किया।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन हमें समानता, सहयोग, सेवा और परोपकार की प्रेरणा देता है। यह सामुदायिक केंद्र समाज के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान बनेगा, जहाँ सामाजिक एवं सामूहिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की शिक्षाएँ हमें सदैव समाजहितमें कार्य करने की प्रेरणा देती रहेंगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की ऐतिहासिक राजधानी अग्रोहा हम सभी के लिए परम आस्था का केंद्र है। हरियाणा सरकार अग्रोहा धाम के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध और निरंतर प्रयासरत है। महाराजा अग्रसेन से जुड़े गौरवशाली इतिहास और हमारी प्राचीन संस्कृति को पूरी दुनिया के सामने लाने के लिए सरकार ने ऐतिहासिक ‘अग्रोहा थेह’ की पुरातात्विक खुदाई करवाने का ऐतिहासिक कार्य शुरू किया है, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियां अपने महान इतिहास पर गर्व कर सकें।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सिंधु-सरस्वती सभ्यता के इन प्राचीन टीलों की जियो-टैगिंग करने की शुरुआत की है और बहुत जल्द यहाँ पर एक भव्य एवं आधुनिक म्यूजियम की स्थापना की जाएगी। सरकार का संकल्प अग्रोहा को केवल एक ऐतिहासिक स्थल बनाए रखने तक सीमित नहीं है। सरकार अग्रोहा को एक ‘ग्लोबल सिटी’ और अंतरराष्ट्रीय स्तर के धार्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की एक बहुत बड़ी योजना पर काम कर रही है। आने वाले समय में पूरी दुनिया से बड़ी संख्या में लोग अग्रोहा की इस पवित्र धरा के दर्शन करने आएंगे। इस पूरे क्षेत्र की प्रगति को पंख लगाने के लिए इस वैश्विक नगर के बिल्कुल पास ‘महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा’ स्थित है, जो इस पूरे इलाके को देश और दुनिया के साथ सीधे और सुगम तरीके से जोड़ेगा।
यहां से अयोध्या, जयपुर, चंडीगढ़, दिल्ली आदि स्थानों के लिए हवाई सेवा शुरू हो गई है। इस हवाई अड्डे के परिसर में सरकार जल्द ही महाराजा अग्रसेन की एक भव्य प्रतिमा स्थापित करने जा रही है, जो यहाँ आने वाले हर यात्री को उनके आदर्शों की प्रेरणा देगी। इस अवसर पर नगर परिषद चेयरमैन रमेश सरदाना चेयरमैन, मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीण सैनी, पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू, पूर्व आईपीएस डॉ दलबीर भारती, नप उपाध्यक्ष ताराचंद नलवा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
