इस्लामाबाद, 27/06/2026
दुनिया के कई हिस्सों में हाल के दिनों में भूकंप की घटनाओं के बीच अब पाकिस्तान में भी धरती डोलने से दहशत का माहौल बन गया है। शनिवार सुबह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में डेरा गाजी खान के पास 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसके झटके आसपास के इलाकों में भी महसूस किए गए।
भूकंप पाकिस्तान समयानुसार सुबह 8:53 बजे आया, जिसका केंद्र डेरा गाजी खान के पास जमीन से लगभग 75 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इससे पहले भी पाकिस्तान में भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जा चुकी हैं। शुक्रवार को बलूचिस्तान के कई हिस्सों में भी हल्के झटके महसूस किए गए थे, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बना रहा। विशेषज्ञों के अनुसार पाकिस्तान भूकंप संभावित क्षेत्र में आता है, जहां समय-समय पर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं और ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है।
