चंडीगढ़, 21/06/2026
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग विभिन्न ऐप-आधारित ट्रांसपोर्ट कंपनियों के कैब ड्राइवरों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन में शामिल हुए। गौरतलब है कि प्रदर्शनकारी ड्राइवरों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में यहां विशाल विरोध प्रदर्शन किया था। उनकी प्रमुख मांगों में किराए में वृद्धि और ऐप-आधारित कंपनियों द्वारा वसूले जाने वाले अधिक कमीशन को कम करना शामिल था।
प्रदर्शनकारी ड्राइवरों को संबोधित करते हुए, वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनकी मांगों का समर्थन करती है। उन्होंने ड्राइवरों से सहमति जताते हुए कहा कि तेल की कीमतों में भारी वृद्धि के कारण कैब चलाना आर्थिक रूप से लाभदायक नहीं रह गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जोर देते हुए, कहा कि यह केवल कैब ड्राइवरों की ही समस्या नहीं है, बल्कि रोजाना सफर करने वाले लोग भी इस प्रदर्शन का असर झेलेंगे। उन्होंने कहा कि निजी कैब ऑपरेटर लोगों को महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रहे हैं और सरकार का कर्तव्य है कि वह उनकी मांगों को माने।
वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणापत्र में भी कैब ड्राइवरों सहित गिग वर्कर्स के कल्याण को शामिल किया था। उन्होंने वादा किया कि जब पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी, तब ऐप-आधारित परिवहन कंपनियों के ड्राइवरों की सभी मांगों को पूरा किया जाएगा।
