न्यूज डेस्क, 14/01/2026
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज अब एक-एक से बराबर हो गई है, क्योंकि राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला गया दूसरा मैच न्यूजीलैंड ने सात विकेट से अपने नाम कर लिया है. डेरेल मिचेल के नाबाद 131 रन और विल यंग के 87 रनों की बदौलत ब्लैक कैप्स ने 285 रनों के लक्ष्य को 47.3 ओवर में 3 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया. इन दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी भी हुई, जिसने मैच को भारत से बहुत दूर कर दिया था.
मिचेल ने अपनी पारी में 117 गेंदों का सामना किया, जिसमें उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के लगाए. इसके अलावा यंग ने 98 गेंदों पर सात चौके की मदद से 87 रन बनाए. आखिर में ग्लेन फिलिप्स ने 32 रनों की पारी खेलकर मैच को खत्म किया. अब ये सीरीज एक-एक से बराबरी पर खड़ी है, इसलिए तीसरा मैच डिसाइडर होगा, जो 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा.
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 284 रन बनाने में सफल रहा. केएल राहुल ने सबसे ज्यादा नाबाद 112 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 92 गेंदों का सामना किया, जिसमें उन्होने 11 चौके और 1 छक्का भी लगाया. ये केएल राहुल का वनडे करियर में 8वां शतक था. इसके अलावा राहुल ने दो अहम साझेदारियां भी की. जिसमें पहले जडेजा (27 रन) के साथ 73 रन जोड़े और फिर रेड्डी (20 रन) के साथ आखिर में 57 रनों की अहम साझेदारी की.
इससे पहले कप्तान गिल 56, रोहित 24, कोहली 23, अय्यर 8 और जडेजा 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. न्यूजीलैंड की तरफ से क्रिस्टियन क्लार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं, उन्होंने 7 में से 3 विकेट अकेले निकाले और चार गेंदबाजों के एक-एक विकेट मिला.
दोनों टीमें में एक-एक बदलाव हुए हैं. भारत की प्लेइंग इलेवन में वॉशिंगटन सुंदर की जगह नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया गया है. जबकि न्यूजीलैंड की टीम में आदित्य अशोक की जगह जेडन लेनक्स को शामिल किया गया है.
राजकोट स्टेडियम की पिच बैटिंग के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है. 2013 में पहले मैच से लेकर अब तक यहां खेले गए सभी चार वनडे मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीते हैं. इससे पता चलता है कि अगर कोई टीम पहले बैटिंग करते हुए अपनी इनिंग का पूरा फायदा उठाती है, तो टॉस का बहुत बड़ा रोल नहीं होगा.
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृषणा, मोहम्मद सिराज.
न्यूजीलैंड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल हे (विकेटकीपर), जैकरी फाउल्क्स, जेडन लेनोक्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन.
