पंजाब के मोहाली में गुरुवार को पुलिस ने गोली लगने के बाद गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वह आतंकी लखबीर सिंह लांडा का गुर्गा है। उसकी पहचान राजन भट्टी के रूप में हुई है। राजन को करीब 10 साल पहले दिल्ली की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। अभी यह जमानत पर बाहर आया हुआ था। पंजाब में अलग-अलग जगह पर इसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे केस दर्ज हैं। इसके साथ नशा तस्करी में भी शामिल है। पंजाब पुलिस को इसकी तलाश थी।
गली बंद होने पर गाड़ी खड़ी कर भागा
पंजाब पुलिस को उसके BMW कार में मोहाली में घूमने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस उसके पीछे लग गई। इस बीच वह गाड़ी लेकर सेक्टर 71 की एक गली में घुस गया। गली में आगे रास्ता बंद था। इसके बाद वह गाड़ी से उतरकर भागा और एक घर में घूस गया।
छत पर घेरा, भागने लगा तो फायर किया
जब पुलिस ने उसे घेर लिया तो छलांग लगाकर वह दूसरे मकान की तरफ चला गया और छत पर चढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने हवाई फायर कर उसे नीचे उतरने के लिए बोला, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इस पर पुलिस के जवानों ने छत पर चढ़कर उसे घेर लिया। पुलिस ने BMW गाड़ी को कब्जे में लिया जब उसने भागने की कोशिश की तो पुलिस ने उस पर फायर किया। गोली उसकी टांग में लगी। इससे वह वहीं पर गिर गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसकी गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।