न्यूज डेस्क, 18/12/2025
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मैच बिना कोई गेंद फेंके ही रद्द करना पड़ा. 17 दिसंबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाने वाला ये मैच घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी की वजह से अंपायरों ने मैच कैंसिल करने का फैसला किया. जिसकी वजह से स्टेडियम में टिकट लेकर पहुंचने वाले हजारों फैंस निराश हो गए.
दर्शकों ने बीसीसीआई से टिकट रिफंड की मांग की
मैच रद्द होने के बाद स्टेडियम में मैच देखने आए दर्शकों ने बीसीसीआई से टिकट रिफंड की मांग करने लगे. लेकिन अभी तक न तो भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान दिया है और न ही राज्य की उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने टिकट के पैसे वापस करने की कोई बात कही है.
टिकट रिफंड पर BCCI ने क्या कहा?
इस बीच न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने रिपोर्ट किया है कि BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि टिकट रिफंड की पूरी अथॉरिटी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के पास है. जबकि ICC की रिफंड पॉलिसी ये है कि अगर कोई मैच एक भी गेंद फेंके जाने से पहले रद्द हो जाता है, तो दर्शक फुल रिफंड पाने के हकदार हैं.
गेम की मेजबानी करने वाला राज्य UPCA है
BCCI सचिव का कहना है कि यह मामला राज्य क्रिकेट एसोसिएशन, यानी UPCA के अधिकार क्षेत्र में आता है. तो, इस गेम की मेजबानी करने वाला राज्य UPCA है. इसलिए, वे आपको इसके बारे में बता पाएंगे, और उनके पास ही रिफंड की पूरी अथॉरिटी हैं. क्योंकि टिकटिंग का सारा काम राज्य एसोसिएशन करता है, BCCI उन्हें सिर्फ मेजबानी के अधिकार देता है और इन सभी चीजों का ध्यान राज्य एसोसिएशन रखता है और ये सब उनके अधिकार क्षेत्र में आता है.
शुक्रवार से टिकट रिफंड प्रोसेस शुरू करेगा
वहीं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा कि टिकट का पूरा रिफंड प्रोसेस शुक्रवार यानी 19 दिसंबर से शुरू होगा. गुप्ता ने कन्फर्म किया कि गवर्निंग बॉडी उन दर्शकों को आसानी से रिफंड देने के लिए इंतजाम कर रही है, जिन्होंने मैच के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीकों से टिकट खरीदे थे. जिन्होंने ऑनलाइन खरीदा था, उन्हें ऑनलाइन रिफंड किया जाएगा, सिर्फ सर्विस चार्ज काटा जाएगा. बाकी, सारा पैसा रिफंड कर दिया जाएगा.
रिफंड के लिए हम इकाना स्टेडियम में बूथ लगाने जा रहे हैं
उन्होंने आगे कहा, ‘जिन्होंने ऑफलाइन टिकट खरीदे थे, उनके रिफंड के लिए हम इकाना स्टेडियम में बूथ लगाने जा रहे हैं. रिफंड का प्रोसेस वहीं से शुरू होगा और इसके लिए अखबारों में विज्ञापन दिया जाएगा. सभी दर्शकों को पूरा पैसा रिफंड किया जाएगा.’ बता दें कि चौथा टी20 मैच रद्द होने के कारण पांच मैचों की सीरीज में भारत 2-1 से आगे है, और सीरीज का अंतिम और पांचवां मैच शुक्रवार 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
