मुंबई, 30/11/2025
भारतीय शेयर बाजार 1 दिसंबर 2025 से नए हफ्ते में कई बड़े घरेलू और वैश्विक कारकों के चलते उतार–चढ़ाव के लिए तैयार है. सप्ताह की शुरुआत से पहले शुक्रवार, 28 नवंबर को बाजार हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ. सेंसेक्स 14 अंक गिरकर 85,706.67 पर बंद हुआ.निफ्टी 50 13 अंक कमजोर होकर 26,202.95 पर बंद हुआ. ऊपरी स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफावसूली की और Q2 GDP डेटा आने से पहले सतर्क रुख अपनाया. मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी हल्की कमजोरी देखने को मिली.
RBI MPC बैठक: सबसे बड़ा बाजार इवेंट
अगले हफ्ते बाजार की सबसे अहम घटना होगी RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक, जो 3 से 5 दिसंबर तक चलेगी. गवर्नर संजय मल्होत्रा की अगुवाई में होने वाली इस बैठक में 5 दिसंबर को रेपो रेट पर फैसला लिया जाएगा.
RBI ने अगस्त से रेपो रेट को 5.5% पर स्थिर रखा है और वर्ष की पहली छमाही में कुल 100 बेसिस पॉइंट की कटौती की थी. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार का फैसला निवेशकों की भावनाओं पर सीधा प्रभाव डालेगा.
ऑटो सेल्स डेटा तय करेगा बाजार की दिशा
1 दिसंबर को नवंबर महीने की ऑटो बिक्री के आंकड़े जारी होंगे.
पैसेंजर व्हीकल, टू-व्हीलर और कमर्शियल व्हीकल की मजबूत बिक्री से मांग की रिकवरी के संकेत मिल सकते हैं.
कमजोर आंकड़े ग्रामीण मांग और ऑटो सेक्टर की मार्जिन स्थिति पर सवाल खड़े कर सकते हैं.
अमेरिका से आएंगे महत्वपूर्ण आर्थिक संकेत
वैश्विक संकेतों में इस हफ्ते अमेरिका का डेटा बाजार को दिशा देगा.
बुधवार को ADP एम्प्लॉयमेंट रिपोर्ट जारी होगी.
शुक्रवार को PCE और Core PCE (फेड का पसंदीदा मुद्रास्फीति संकेतक) के सितंबर के आंकड़े आएंगे.
इन रिपोर्टों का असर वैश्विक धारणा और भारत के बाजार मूवमेंट पर भी पड़ेगा.
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता में तेजी
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है. भारत के ट्रेड सचिव के अनुसार, अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और वर्ष के अंत तक समझौता संभव है.हालांकि अमेरिका अगस्त के अंत से कुछ भारतीय आयातों पर 50% तक शुल्क लागू कर चुका है.
एफआईआई-डीआईआई गतिविधि
28 नवंबर को FIIs ने 3,796 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.
DIIs ने 4,148 करोड़ रुपये की खरीदारी की.
पूरा वर्ष देखें तो FIIs ने 2.58 लाख करोड़ रुपये की भारी निकासी की है, जबकि DIIs ने 7.01 लाख करोड़ रुपये की नेट खरीदारी की है.
सोने के दामों में भारी उछाल
गोल्ड की कीमतों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई.
सोना 700 रुपये उछलकर 1,30,160 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया.
99.5% प्योरिटी वाला सोना भी 700 रुपये बढ़कर 1,29,560 रुपये पर पहुंच गया.
ग्लोबल संकेतों, भू-राजनीतिक तनाव और फेड की संभावित रेट कट उम्मीदों से गोल्ड को मजबूत सपोर्ट मिल रहा है.
अगले हफ्ते शेयर बाजार में RBI नीति, ऑटो सेल्स और अमेरिकी आर्थिक डेटा मिलकर बड़ी भूमिका निभाएंगे. बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है, इसलिए निवेशकों को सतर्क रहकर कदम उठाने की सलाह दी जा रही है.
