दिल्ली, 12/11/2025
राष्ट्रीय जांच एजेंसी दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट की जांच कर रही है. एजेंसी द्वारा की जा रही यह जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. शुरुआती निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि कार विस्फोट कोई सामान्य आत्मघाती विस्फोट नहीं था, बल्कि संदिग्ध ने घबराहट में ऐसा किया था. सुरक्षा एजेंसियां आतंकी नेटवर्क से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और फरीदाबाद, सहारनपुर, पुलवामा और अन्य इलाकों में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए हैं. जांचकर्ताओं का मानना है कि संदिग्ध ने बढ़ते दबाव में जल्दबाजी में यह कदम उठाया. सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध ने आत्मघाती कार बम विस्फोट के सामान्य तरीके का पालन नहीं किया. उसने न तो कार को किसी टारगेट से हिट किया और न ही जानबूझकर टक्कर मारी.
छापेमारी में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
लाल किला विस्फोट पर शुरुआती जानकारी के बाद न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दिल्ली-एनसीआर और पुलवामा में कई जगहों पर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई छापेमारी में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए, जिसके कारण संदिग्ध ने बढ़ते दबाव में जल्दबाजी में कार्रवाई की
छापेमारी के कारण घबराहट और हताशा
इससे पहले 9 और 10 नवंबर 2025 को हरियाणा के फरीदाबाद में की गई छापेमारी के दौरान लगभग 3000 किलोग्राम विस्फोटक, डेटोनेटर, टाइमर और बम बनाने की अन्य सामग्री बरामद की गई थी और उसे जब्त किया गया था. सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उन्हें पकड़ने के लिए की गई छापेमारी के कारण फैली घबराहट और हताशा के कारण यह विस्फोट हुआ.
समय से पहले फट गया बम!
बम समय से पहले ही फट गया था और पूरी तरह से डेवलप नहीं हुआ था, जिससे इसका प्रभाव सीमित रहा. सूत्रों के मुताबिक विस्फोट से कोई गड्ढा नहीं बना और न ही कोई छर्रे या प्रोजेक्टाइल्स मिले. इस तरह एक बड़ा हमला टल गया, जिसका क्रेडिट पैन इंडिया अलर्टनेस और संदिग्ध मॉड्यूल पर कोर्डिनेटेड कार्रवाई को जाता है.
अमित शाह की बैठक में अहम बातें ?
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में हुए बम विस्फोट के बाद स्थिति का आकलन करने के लिए उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक के एक और दौर की अध्यक्षता की. इस दौरान शाह ने इस घटना के पीछे के प्रत्येक दोषी की तलाश करने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने कहा कि इस कृत्य में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को हमारी एजेंसियों की कड़ी सजा का सामना करना पड़ेगा.
