Women’s Asian Champions Trophy
भोपाल, 25/11/2026
भारतीय महिला हॉकी टीम ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में नया मुक़ाम हासिल किया । मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम एफआईएच (FIH) विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। खास बात यह है कि टीम ने महज 24 घंटे के भीतर अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर यह उपलब्धि हासिल की है।
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने जापान को 4-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान से चौथे स्थान पर छलांग लगा दी। इससे एक दिन पहले भारत ने चीन को 6-2 से हराकर पहली बार एफआईएच रैंकिंग में पांचवां स्थान हासिल किया था।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक मलेशिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, चीन और जापान को हराया है। कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में टीम लगातार पांच जीत के साथ लीग चरण में अजेय रही और सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
भारत का चीन के खिलाफ 6-2 का मुकाबला भी ऐतिहासिक रहा। यह महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में चीन के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत है।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि विश्व रैंकिंग में चौथा स्थान हासिल करना भारतीय हॉकी के लिए गर्व का क्षण है।
भारतीय टीम अब एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का लगातार तीसरा और कुल चौथा खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
