चण्डीगढ़, 23/11/2026
हरियाणा के जिला यमुनानगर के बिलासपुर में 20 से 24 नवम्बर तक आयोजित मेला श्री कपाल मोचन आदि बद्री में प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी में आयुष विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाया गया है, जहां आने वाले श्रद्धालुओं को आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, यूनानी एवं पंचकर्म चिकित्सा पद्धतियों आदि के बारे में जानकारी देकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान विशेष रूप से ‘‘रसोई घर एक आदर्श औषधालय’ की अवधारणा पर जोर देते हुए बताया जा रहा है कि हमारे घर में उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थ सही मात्रा एवं सही समय पर सेवन करने से शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक आहार, विहार एवं योग के समन्वय से स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
उन्होेंने बताया कि आयुर्वेदिक आहार में दूध, दही, छाछ, मूंग व मसूर की दाल, दलिया, ओट्स, गेहूं, बाजरा, हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल, सीमित मात्रा में घी एवं सूखे मेवे और नारियल पानी जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना लाभकारी है। संतुलित आयुर्वेदिक आहार शरीर को ऊर्जा प्रदान करने, पाचन शक्ति सुधारने, मानसिक शांति एवं सकारात्मक मनोदशा बनाए रखने, रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने तथा बालों और हड्डियों के स्वास्थ्य में सहायक होता है।
उन्होंने आम जनता को योग एवं प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी है। श्रद्धालुओं को प्रतिदिन 30 से 40 मिनट योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
जनगणना 2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कपाल मोचन मेले में लगाया गया विशेष स्टॉल
इसके अतिरिक्त, मेले में प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में जनगणना 2027 को लेकर विशेष स्टॉल लगाया गया है। इस स्टॉल के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं आमजन को आगामी जनगणना प्रक्रिया, स्व-गणना, जनगणना के महत्व तथा इसमें पूछे जाने वाले सवालों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार को विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायता प्रदान करते हैं। श्रद्धालुओं को बताया जा रहा है कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं तथा जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।
