दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने 2018 के चर्चित बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के सभी खिलाड़ियों को गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी थी। डिविलियर्स ने यह भी दावा किया कि केपटाउन टेस्ट से पहले डरबन में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान भी बॉल टेम्परिंग हुई थी। डिविलियर्स 2018 के केपटाउन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका की टीम का हिस्सा थे। उन्होंने इस मुकाबले की पहली पारी में 64 और दूसरी पारी में 63 रन बनाए थे।
डिविलियर्स बोले- सभी को थी जानकारी
एबी डिविलियर्स ने कहा कि विवाद में इस्तेमाल किए गए सैंडपेपर से ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि मैदान पर नियमों के खिलाफ जाने का फैसला पहले ही लिया जा चुका था। उन्होंने दावा किया कि इस योजना की जानकारी वहां मौजूद सभी लोगों को थी। डिविलियर्स के मुताबिक, डरबन टेस्ट के फुटेज देखने से भी कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर कोई संदेह नहीं है कि गेंद से छेड़छाड़ की गतिविधियां केपटाउन टेस्ट से पहले भी हुई थीं।
उस्मान ख्वाजा की किताब से फिर गरमाया विवाद
2018 का बॉल टेम्परिंग विवाद एक बार फिर चर्चा में आया है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा ‘सब्र’ में इस मामले को लेकर कई दावे किए। उन्होंने कहा कि टीम के खिलाड़ियों को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने ख्वाजा के दावों को खारिज किया। इसके बाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने भी एक लेख के जरिए विवाद को फिर हवा दे दी।
कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने क्या कहा?
कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने अपने लेख में दावा किया कि पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट के दौरान गेंद से छेड़छाड़ को लेकर हुई चर्चा में बॉलिंग कोच डेविड सैकर और मुख्य कोच डैरेन लेहमैन भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि डेविड वॉर्नर ने गेंद के एक हिस्से को खुरदरा करने के लिए सैंडपेपर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था। इन नए दावों के बाद 2018 का बॉल टेम्परिंग विवाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चर्चा का विषय बन गया है।
