दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सक्रिय सदस्य पवन कुमार उर्फ मक्खी को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर उसे बंधक बनाने और पिस्टल के बल पर पुराने आपराधिक मामले में समझौता कराने के आरोप में फरार चल रहा था। आउटर नॉर्थ के डीसीपी शोभित डी. सक्सेना के अनुसार, अलीपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर माजरा गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर राकेश कुमार ने 29 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को नरेंद्र उर्फ भोलू उन्हें घर के बाहर बुलाकर जबरन काली महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन में बैठाकर ले गया। गाड़ी में पवन कुमार उर्फ मक्खी पहले से मौजूद था।
आरोप है कि दोनों उन्हें पल्ला-झंगोला रोड और बख्तावरपुर स्थित सुनील तंवर उर्फ राजू के ठिकाने पर ले गए। वहां उन्हें बंधक बनाकर अलीपुर थाने में दर्ज पुराने आपराधिक मामले को वापस लेने और गवाही न देने का दबाव बनाया गया। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान पवन मक्खी ने प्रॉपर्टी डीलर पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करवा लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सह-आरोपी पहले ही हो चुका था गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान 30 अक्टूबर को सह-आरोपी नरेंद्र उर्फ भोलू को गिरफ्तार कर लिया था। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो-एन कार भी बरामद की गई। हालांकि, पवन मक्खी लगातार फरार चल रहा था। आरोपी ने रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे 6 नवंबर को अदालत ने खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराने की प्रक्रिया शुरू की।
टेक्निकल सर्विलांस की मदद से हुई गिरफ्तारी
आरोपी की तलाश के लिए स्पेशल स्टाफ की टीम गठित की गई। पुलिस ने लगातार निगरानी और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए 21 नवंबर को 38 वर्षीय पवन कुमार उर्फ मक्खी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ताजपुर गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पवन मक्खी टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ अलीपुर और हरियाणा के कुंडली थाने में हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और संगठित अपराध से जुड़े तीन मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
