चंडीगढ़, 21/11/2026
पंजाब सरकार ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि श्री आनंदपुर साहिब के गांव ऐलग्रां में खनन विभाग की टीम ने अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही एक पोकलेन मशीन जब्त की है।
यह कार्रवाई कार्यकारी इंजीनियर-कम-जिला खनन अधिकारी के नेतृत्व में की गई। मामले में थाना नूरपुर बेदी में खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धाराओं 4(1) और 21(1) के तहत FIR नंबर 175 दर्ज की गई है।
इसके अलावा, अवैध खनन से निकाली गई सामग्री ले जा रहे तीन टिप्पर चालकों के चालान भी काटे गए हैं। मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
