कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। अमेरिका दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि भारत, जिसे कभी वैश्विक भू-राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले देश के रूप में देखा जाता था, आज अंतरराष्ट्रीय मामलों में केवल ‘साइड प्लेयर’ बनकर रह गया है। उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका का जिक्र करते हुए भारत की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने बुधवार को शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भारत अपने आकार और वैश्विक प्रभाव के कारण अंतरराष्ट्रीय चर्चाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की क्षमता रखता है। इसके बावजूद देश वैश्विक मामलों में सक्रिय भूमिका निभाता नजर नहीं आ रहा है।
अमेरिका-ईरान वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि भारत के अमेरिका, ईरान और रूस जैसे देशों के साथ संबंध हैं। ऐसे में उन्हें हैरानी होती है कि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जबकि भारत केवल घटनाक्रम देख रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत गुटनिरपेक्ष आंदोलन का प्रमुख नेतृत्वकर्ता था। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को एक अलग पहचान और सम्मान मिला था। राहुल गांधी ने इच्छा जताई कि भारत को वैश्विक मंच पर एक बार फिर अपनी प्रभावशाली भूमिका हासिल करनी चाहिए।
मोदी, ट्रंप और पुतिन की दोस्ती पर भी टिप्पणी
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की आलोचना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंध केवल व्यक्तिगत दोस्ती के आधार पर नहीं चलाए जा सकते। उन्होंने कहा कि भू-राजनीति में किसी नेता के साथ व्यक्तिगत संबंधों से ज्यादा महत्वपूर्ण यह समझना है कि वैश्विक व्यवस्था किस तरह काम करती है। किसी देश का नेतृत्व केवल इस आधार पर फैसले नहीं लेता कि वह दूसरे देश के नेता को पसंद करता है या नहीं। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी या अन्य नेताओं के साथ दोस्ती से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय संबंधों में दोस्ती से ज्यादा देश के हित और उसकी वैश्विक स्थिति महत्वपूर्ण हैं।
नई वैश्विक व्यवस्था में भारत की होगी अहम भूमिका
प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में राहुल गांधी ने भविष्य की वैश्विक व्यवस्था पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बनी सुरक्षा व्यवस्था मुख्य रूप से पश्चिमी देशों के नेतृत्व में विकसित हुई थी। हालांकि, आने वाले समय में वैश्विक व्यवस्था किसी एक सभ्यता के प्रभाव में नहीं रहेगी। इसे अमेरिका, चीन, भारत, मध्य पूर्व और रूस सहित कई शक्तियां मिलकर आकार देंगी। उन्होंने कहा कि भारत को इस बदलाव में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए।
पाकिस्तान के साथ बातचीत पर क्या बोले राहुल गांधी?
कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान के एक प्रतिभागी ने भारत और पाकिस्तान के बीच शांति वार्ता की संभावना को लेकर सवाल किया। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि भारत बातचीत के लिए तैयार हो सकता है, लेकिन इसके लिए पाकिस्तान को भारत में आतंकवाद का समर्थन और उसे बढ़ावा देना बंद करना होगा। उन्होंने कहा कि निर्दोष भारतीय नागरिकों की हत्या को स्वीकार करते हुए पाकिस्तान के साथ बातचीत करना संभव नहीं है। जिस दिन पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को समर्थन देना बंद होगा, उसी दिन दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में सुधार की गुंजाइश है, लेकिन इसके लिए आतंकवाद का मुद्दा सबसे बड़ी बाधा है।
