22 ब्लॉक अध्यक्षों ने भी किया समर्थन
समर्थन में शामिल संगठनों के अनुसार, समाना के सभी 22 ब्लॉक अध्यक्षों और युद्ध नशियां विरुद्ध टीम के प्रतिनिधियों ने भी हरचंद सिंह बरसट को उम्मीदवार बनाने की मांग की है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के करीब 90 प्रतिशत वालंटियरों और विभिन्न संगठनों ने भी उनके नाम का समर्थन किया है। प्रतिनिधियों का कहना है कि बरसट वर्ष 2016 से आम आदमी पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं और उन्होंने पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया है। वर्तमान में वह पार्टी के प्रदेश महासचिव, प्रवक्ता और पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
सड़कों और मंडियों के विकास कार्यों का दिया हवाला
हरचंद सिंह बरसट के समर्थन में संगठनों ने कहा कि पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन के रूप में उन्होंने राज्य की लिंक सड़कों के नवीनीकरण और मंडियों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए काम किया है। समाना विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क और मंडी विकास से जुड़े कई कार्य करवाए जा रहे हैं। समाना की सब्जी मंडी में किसानों और आढ़तियों की सुविधा के लिए स्टील कवर शेड बनाया गया है। इसके अलावा मंडी की आंतरिक सड़कों का निर्माण और रूफटॉप सोलर पावर प्लांट लगाने की परियोजना पर भी काम चल रहा है।
अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार को भी बताया उपलब्धि
समर्थकों ने पंजाब मंडी बोर्ड को चीन में वर्ल्ड यूनियन ऑफ होलसेल मार्केट्स की ओर से मिले मेजर इनोवेशन अवॉर्ड का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि मंडीकरण व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए की गई पहलों के कारण पंजाब को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अरविंद केजरीवाल से मांग की है कि हरचंद सिंह बरसट को समाना विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी की ओर से उन्हें टिकट दिए जाने पर सभी संगठन और समर्थक एकजुट होकर उनकी जीत के लिए काम करेंगे।
