harbhajan singh eto
पुराने पुलों और भार क्षमता की जांच पर जोर
केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध यातायात बनाए रखने में पुलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए पंजाब के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने पुलों का समय-समय पर निरीक्षण करवाया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से पुराने पुलों, उनकी भार वहन क्षमता, संरचनात्मक कमजोरियों और भारी वाहनों की आवाजाही वाले पुलों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट करवाने की मांग की।
ऑडिट के बाद मरम्मत और मजबूती के कदम उठाने की अपील
हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि सुरक्षा ऑडिट में सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाना चाहिए। जरूरत के अनुसार पुलों को मजबूत करने, मरम्मत करवाने और अन्य सुधारात्मक कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सड़क संपर्क सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सड़क बुनियादी ढांचे की नियमित निगरानी, कमजोरियों की समय रहते पहचान और उचित रखरखाव आवश्यक है। कैबिनेट मंत्री ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मामले में हस्तक्षेप करेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करेंगे।
