दिवंगत पंजाबी लोक गायक राजवीर जवंदा की यादों को संजोने के लिए उनके पैतृक गांव पोना में 40 लाख रुपये की लागत से शानदार खेल स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके साथ ही गायक की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। उनकी स्मृति में 10 लाख रुपये की लागत से एक यादगारी गेट का निर्माण भी किया जाएगा। जगराओं की विधायक बीबी सर्वजीत कौर माणूके ने बुधवार को गांव पोना में इन परियोजनाओं के नींव पत्थर रखने के अवसर पर यह जानकारी दी। इन परियोजनाओं की शुरुआत दिवंगत गायक की माता और पूर्व सरपंच बीबी परमजीत कौर के हाथों करवाई गई। इस अवसर पर विधायक ने गांव के श्मशानघाट में नए शेड के निर्माण का नींव पत्थर भी रखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजवीर जवंदा की याद में बनने वाली सभी परियोजनाओं का काम तुरंत शुरू कर समय पर पूरा किया जाए।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे राजवीर जवंदा
विधायक सर्वजीत कौर माणूके ने कहा कि राजवीर जवंदा ने अपनी सुरीली आवाज के जरिए जगराओं क्षेत्र का नाम दुनियाभर में रोशन किया। वह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने पंजाबी संस्कृति और विशेष रूप से सिख पहनावे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान दिलाया। उन्होंने कहा कि राजवीर जवंदा का कम उम्र में दुनिया से चले जाना उनके परिवार, जगराओं क्षेत्र और पंजाबी संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति है। उनकी याद में बनाई जा रही ये स्मारक परियोजनाएं आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की याद दिलाती रहेंगी।
गांव पोना को सुंदर बनाने पर भी जोर
विधायक ने बताया कि राजवीर जवंदा के पैतृक गांव पोना के विकास के लिए 18 फुट चौड़ी नई सड़क बनाई गई है। गांव की सभी गलियां पक्की कर दी गई हैं और स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गांव को क्षेत्र के सुंदर और विकसित गांवों में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर राजवीर जवंदा की माता बीबी परमजीत कौर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि राजवीर के अच्छे स्वभाव और गायकी ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को गौरवान्वित किया। उन्होंने खेल स्टेडियम और यादगारी गेट के निर्माण की पहल के लिए पंजाब सरकार और विधायक सर्वजीत कौर माणूके का आभार जताया।
