मुंबई (अनिल बेदाग) 16/11/2026
देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संभावनाओं के बीच उबर और महिंद्रा ने टिकाऊ परिवहन की दिशा में बड़ी पहल की है। दोनों कंपनियों ने अगले 12 महीनों में 5,000 महिंद्रा इलेक्ट्रिक ऑटो को अपनाने में ड्राइवरों की मदद करने के लिए साझेदारी की है। इसके तहत शुरू होने वाला ईवी ऑटो एडवांटेज कार्यक्रम फाइनेंसिंग, पुराने वाहनों के बदले प्रोत्साहन और ड्राइवरों को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने पर केंद्रित रहेगा। खासतौर पर उन बाजारों में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने की कोशिश होगी, जहां इनकी पहुंच अभी सीमित है।
उबर के ग्लोबल हेड ऑफ मोबिलिटी प्रदीप परमेश्वरन ने कहा, “इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सिर्फ पर्यावरण के लिए सही कदम नहीं है, बल्कि इससे हमारे कारोबार, यात्रियों, शहरों और समुदायों को भी सीधे लाभ मिलता है।” वहीं, महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी की एमडी एवं सीईओ सुमन मिश्रा ने कहा, “सतत मोबिलिटी तभी बड़े स्तर पर सफल होगी, जब वह सबसे पहले ड्राइवरों के लिए फायदेमंद बनेगी।”
इस मौके पर उबर ने कनेक्टेड जर्नीस भी पेश किया, जिसके जरिए मेट्रो, ऑटो और दोपहिया सेवाओं को एक ही यात्रा योजना में जोड़ने की तैयारी है। दिल्ली से शुरू होने वाली यह सुविधा शहरी सफर को अधिक सुविधाजनक, किफायती और सुगम बनाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।
